दुनिया

मुलाकात से पहले न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी पर ट्रंप का हमला, बोले-'व्हाइट हाउस में आने वाला है एक कम्यूनिस्ट'

मेयर चुनाव में ट्रंप ने न्यूयॉर्क के लोगों से निर्दलीय उम्मीदवार कुओमो को जिताने की अपील की थी लेकिन लोगों ने ममदानी को ही अपना मेयर चुना। ट्रंप ने कहा था कि चुनाव में यदि ममदानी जीतते हैं तो न्यूयॉर्क सिटी को जारी होने वाले संघीय बजट में वह कटौती कर देंगे लेकिन बाद में अपनी बात से ट्रंप पलट गए।

levit

व्हाइट हाउस में ट्रंप से मिलेंगे न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी। तस्वीर-AP

Mamdani to Meet Trump: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से मुलाकात से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन पर एक बार फिर हमला बोला है। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में शुक्रवार को ट्रंप की मुलाकात ममदानी से होनी है। इससे पहले ट्रंप ने कहा है कि वह अमेरिकी लोगों और उनके हित में जो सही है कि उसके लिए काम करने को तैयार हैं। ममदानी पर नए सिरे से हमला बोलते हुए व्हाइट हाउस ने उन्हें 'कम्यूनिस्ट' बताया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि 'राष्ट्रपति ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि मेयर पद पर विजयी हुए ममदानी कल ओवल ऑफिस आएंगे, इसलिए हमारी टीम इस मुलाकात की तैयारी कर रही है।'

बयान के मुताबिक ट्रंप ने कहा कि 'जाहिर है कि कल व्हाइट हाउस में एक कम्यूनिस्ट होगा क्योंकि डेमोक्रेट पार्टी ने देश के सबसे बड़े शहर के लिए उन्हें मेयर चुना है।' लेविट ने आगे कहा कि राष्ट्रपति की उम्मीदों से कहीं ज्यादा न्यूयॉर्क शहर 'लेफ्ट' होता जा रहा है। मेयर चुनाव में ट्रंप ने न्यूयॉर्क के लोगों से निर्दलीय उम्मीदवार कुओमो को जिताने की अपील की थी लेकिन लोगों ने ममदानी को ही अपना मेयर चुना। ट्रंप ने कहा था कि चुनाव में यदि ममदानी जीतते हैं तो न्यूयॉर्क सिटी को जारी होने वाले संघीय बजट में वह कटौती कर देंगे लेकिन बाद में अपनी बात से ट्रंप पलट गए।

ममदानी की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं ट्रंप

ट्रंप ममदानी की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं और चार नवंबर के चुनाव से ठीक पहले उन्होंने चेतावनी दी थी कि ममदानी की जीत न्यूयॉर्क शहर के लिए 'पूरी तरह से आर्थिक और सामाजिक आपदा' साबित होगी। ट्रंप ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ’ पर एक पोस्ट में कहा, 'न्यूयॉर्क शहर के महापौर जोहरान ‘क्वामे’ ममदानी ने मुलाकात का अनुरोध किया है। हमने सहमति जताई है कि यह बैठक शुक्रवार, 21 नवंबर को ओवल ऑफिस में होगी। आगे की जानकारी जल्द दी जाएगी!'

साल 2018 में अमेरिकी नागरिक बने ममदानी

ममदानी ने ट्रंप को चुनोती देते हुये अपनी जीत के बाद भाषण में कहा था कि न्यूयॉर्क की ताकत प्रवासी होंगे और उनकी ऐतिहासिक जीत के बाद शहर 'एक प्रवासी के नेतृत्व में' आगे बढ़ेगा। ट्रंप ने राष्ट्रपति के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में आव्रजन से संबंधित मामलों में सख्त कार्रवाई शुरू की है। भारतीय मूल के ममदानी मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर महमूद ममदानी के बेटे हैं। उनका जन्म और पालन-पोषण युगांडा के कंपाला में हुआ और सात वर्ष की आयु में वह अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क आ गए थे। ममदानी 2018 में अमेरिका के नागरिक बने हैं।

लेटेस्ट न्यूज

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव Author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article