Islamisation in America: एक अमेरिकी सांसद ने आरोप लगाया है कि अमेरिका के टेक्सास राज्य के कुछ इलाकों में 'इस्लामीकरण' हो रहा है। उन्होंने कहा कि वहां के लोकल मॉल में जाने पर ऐसा लगता है कि आप पाकिस्तान में हैं, डलास में नहीं। कांग्रेसमैन ब्रैंडन गिल ने शुक्रवार को रियल अमेरिकाज वॉयस के साथ एक इंटरव्यू में कहा, 'मुझे अपने इलाके के लोगों से लगातार सुनने को मिलता है जो डलास इलाके के इस्लामीकरण को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित हैं।' 'और आप देख रहे हैं कि हमारे समुदाय, हमारी संस्कृति, जिस जगह को हम जानते हैं और प्यार करते हैं, वह पूरी तरह से बदल रही है। और मेरे इलाके के लोग चिंतित हैं और मैं भी चिंतित हूं।'
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कंजर्वेटिव रिपब्लिकन पार्टी के इस सांसद ने कहा कि उनके वोटर ऐसी मस्जिदों के बारे में सुन रहे हैं जो उस जमीन के पास बन रही हैं जो वहां रहने वाले लोगों की या उनके परिवार की पीढ़ियों से है।
'आप पाकिस्तान में हैं..यह एक समस्या'
उन्होंने आगे कहा, 'हमारी पूरी कम्युनिटी बदल रही हैं। और आप सुनते हैं कि वोटर अपने लोकल मॉल जाने के बारे में बात करते हैं और आप चारों ओर देखते हैं, और ऐसा लगता है कि आप पाकिस्तान में हैं, डलास, टेक्सास में नहीं। यह एक समस्या है।'
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी आरोप लगाया कि 'बड़े पैमाने पर इस्लामिक माइग्रेशन' हो रहा है, जो उस अमेरिका को खत्म कर रहा है जिसे हम जानते हैं और प्यार करते हैं।'
उन्होंने इस बारे में कोई डेटा या दूसरा सबूत नहीं दिया। लेकिन उनकी पोस्ट पर ऐसे जवाब आए कि वह ये बातें 'अपनी भारतीय पत्नी को खुश करने के लिए' कह रहे हैं।
ब्रैंडन गिल की पत्नी डेनिएल डिसूजा गिल भारतीय मूल की हैं, वह भारतीय-अमेरिकी कमेंटेटर और ट्रंप के सहयोगी दिनेश डिसूजा की बेटी हैं। एक X यूजर ने कहा, टयह आदमी नई दिल्ली में रहने का इतना आदी हो गया है कि अब पाकिस्तान से नफरत करना उसके लिए दूसरी प्रकृति बन गई है।' दूसरे ने कहा, 'भारतीय पत्नी को खुश रखने के लिए खास तौर पर पाकिस्तान का नाम ले रहा है।' दूसरे जवाबों और रीशेयर में कहा गया कि डेनिएल ने पहले भी मुसलमानों के बारे में कमेंट किए हैं।
