दुनिया

Gunfire at Donald Trump Rally: डोनाल्ड ट्रंप की रैली में चली गोलियां, हुए घायल...सामने आया वीडियो

Gunfire at Donald Trump Rally: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैली में गोलियां चली हैं। यह हमला तब हुआ जब वह अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के लिए कैंपेन कर रहे थे। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की ओर से कहा गया है कि पूर्व राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और इस मामले की जांच की जा रही है।

Image

डोनाल्ड ट्रंप की रैली में चली गोलियां।

Photo : AP

Gunfire at Donald Trump Rally: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैली में गोलियां चली हैं। यह हमला तब हुआ जब वह अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के लिए कैंपेन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि हमले में ट्रंप घायल हो गए हैं। इस हमले का वीडियो भी सामने आया है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की ओर से कहा गया है कि पूर्व राष्ट्रपति सुरक्षित हैं, हमले के बारे में आगे की जानकारी उपलब्ध होने पर जारी की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप पर पेंसिल्वेनिया (अमेरिका) के बटलर में रैली के दौरान हमला हुआ। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि जब ट्रंप भाषण दे रहे थे, तभी एक गोली ट्रंप की कनपटी के पास से गुजरती है। इसके बाद वह नीचे झुक जाते हैं। वीडियो में कई राउंट गोली चलने की आवाज आती है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी में हमलावर समेत दो लोगों की मौत हो गई है।

सुरक्षा कर्मियों ने सुरक्षित निकाला

वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही रैली में गोलीबारी होती है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के जवान ट्रंप को चारों ओर से घेर लेते हैं और उन्हें सुरक्षित वहां से निकालते हैं। इसके बाद ट्रंप दोबारा उठते हैं और अपने समर्थकों की तरफ हाथ हिलाते हैं। इस दौरान उनकी कनपटी के पास से खून निकलता दिखाई देता है। यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के संचार प्रमुख एंथनी गुग्लिल्मी ने ट्वीट किया ने बताया कि 13 जुलाई की शाम को पेंसिल्वेनिया में ट्रंप की रैली में एक घटना हुई। सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षात्मक उपाय लागू किए हैं और पूर्व राष्ट्रपति सुरक्षित हैं। यह अब एक सक्रिय गुप्त सेवा जांच है और आगे की जानकारी उपलब्ध होने पर जारी की जाएगी।

ट्रंप की ओर से आई पहली प्रतिक्रिया

हमले के बाद डोनाल्ड ट्रंप का पहला बयान सामने आया है। उनके प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस जघन्य कृत्य के दौरान त्वरित कार्रवाई के लिए कानून प्रवर्तन और प्रथम प्रतिक्रियाकर्ताओं को धन्यवाद दिया। वह ठीक हैं और स्थानीय चिकित्सा सुविधा में उसकी जांच की जा रही है।

राष्ट्रपति बाइडन का भी आया बयान

ट्रंप पर हमले के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन का भी बयान सामने आया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, मुझे पेंसिल्वेनिया में डोनाल्ड ट्रंप की रैली में हुई गोलीबारी के बारे में जानकारी दी गई है। मुझे यह सुनकर खुशी हुई कि वह सुरक्षित हैं और उनका स्वास्थ्य अच्छा है। मैं उनके और उनके परिवार के लिए और रैली में मौजूद सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। हमें आगे की जानकारी का इंतजार है। मैं उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सीक्रेट सर्विस का आभारी हूं। अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। हमें एक राष्ट्र के रूप में एकजुट होकर इसकी निंदा करनी चाहिए।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article