तुर्किये में भीषण विमान हादसा; लीबिया मिलिट्री चीफ समेत 8 की मौत; क्रैश से पहले विमान ने ATC से किया था संपर्क
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Dec 24, 2025, 08:39 AM IST
Turkiye Plane Crash: लीबिया के मिलिट्री चीफ सहित अन्य सदस्यों को ले जा रहा एक प्राइवेट जेट तुर्किये की राजधानी अंकारा से टेकऑफ करने के बाद क्रैश हो गया। विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल हमीद दबैबा ने इस घटना को 'दुखद हादसा' करार दिया है।
तुर्किये में भीषण विमान हादसा; लीबिया मिलिट्री चीफ समेत 8 की मौत; क्रैश से पहले विमान ने ATC से किया था संपर्क
Turkiye Plane Crash: लीबिया के मिलिट्री चीफ सहित अन्य सदस्यों को ले जा रहा एक प्राइवेट जेट तुर्किये की राजधानी अंकारा से टेकऑफ करने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल-हामिद दबीबा ने इस घटना को 'दुखद हादसा' करार दिया है।
प्रधानमंत्री अब्दुल-हामिद दबीबा ने जनरल मोहम्मद अली अहमद अल-हद्दाद और चार अन्य अधिकारियों की मौत की पुष्टि करते हुए फेसबुक पर जारी एक बयान में कहा कि यह ‘‘दुखद दुर्घटना’’ उस समय हुई जब प्रतिनिधिमंडल स्वदेश लौट रहा था। प्रधानमंत्री ने इसे लीबिया के लिए ‘‘बड़ी क्षति’’ बताया।
विमान हादसे में कौन-कौन मारा गया?
अल-हद्दाद पश्चिमी लीबिया के शीर्ष सैन्य कमांडर थे और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से जारी लीबिया की सेना के एकीकरण के प्रयासों में उनकी अहम भूमिका थी। लीबिया की अन्य संस्थाओं की तरह ही वहां की सेना भी बंटी हुई है।
इस दुर्घटना में मारे गए अन्य चार अधिकारी लीबिया के जमीनी बलों के प्रमुख जनरल अल-फितौरी घ्रैबिल, सैन्य विनिर्माण प्राधिकरण के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल महमूद अल-कतावी, चीफ ऑफ स्टाफ के सलाहकार मोहम्मद अल-असावी दियाब और चीफ ऑफ स्टाफ के कार्यालय में कार्यरत सैन्य फोटोग्राफर मोहम्मद उमर अहमद महजूब थे।
दुर्घटना से पहले विमान ने ATC से किया था संपर्क
तुर्किये के राष्ट्रपति कार्यालय के संचार निदेशक बुरहानत्तिन दुरान ने बताया कि निजी विमान में सवार लोगों ने इलेक्ट्रिकल फेल्योर की शिकायत की थी, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया गया। वहीं, तुर्किये अधिकारियों ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि इस हादसे में किसी तरह की साजिश या तोड़फोड़ के संकेत नहीं मिले हैं और प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी को ही हादसे का कारण माना जा रहा है।
कहां मिला विमान का मलबा?
तुर्किये के गृह मंत्री अली यरलीकाया ने बताया कि अंकारा के एसेनबोगा एयरपोर्ट से त्रिपोली के लिए रवाना हुए इस बिजनेस जेट का मलबा हेमाना जिले के केसीककावाक गांव से करीब दो किलोमीटर दक्षिण में मिला है। बताया जा रहा है कि लीबिया के मिलिट्री चीफ ऑफ स्टाफ मोहम्मद अल-हद्दाद ने तुर्किये दौरे के दौरान अपने तुर्किये समकक्ष और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी।