दुनिया

'रूस-यूक्रेन युद्ध यदि जारी रहा तो चीजें तीसरे विश्व युद्ध तरफ की जा सकती हैं', पीस डील पर विवाद के बीच ट्रंप की बड़ी चेतावनी

व्हाइट हाउस में 'पैचवर्क' ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रेगुलेशन पर रोक लगाने वाले अपने एग्जीक्यूटिव आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि 'युद्ध में केवल पिछले महीने 25,000 लोग मारे गए जिनमें से ज्यादातर सैनिक थे'। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस पर गहरा दुख प्रकट करते हुए दोनों देशों से तत्काल शत्रुता खत्म करने की अपील की।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। तस्वीर-AP

Trump warns of third world war: रूस-यूक्रेन युद्ध पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी चेतावनी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि यह युद्ध रुका नहीं यदि चलता रहा तो चीजें तीसरे विश्व युद्ध की तरफ जा सकती हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की यह अब तक की सबसे बड़ी चेतावनी है। उन्होंने कहा है कि यह युद्ध वैश्विक संघर्ष में बदल सकता है। दरअसल, अपने पीस डील पर गतिरोध बनने से ट्रंप बेहद नाराज और निराश हैं। व्हाइट हाउस ने भी कहा है कि ट्रंप अब केवल मिलने के लिए बैठकें नहीं करना चाहते। वह यूक्रेन और रूस दोनों के रवैये से बेहद हताश और निराश हैं।

युद्ध में पिछले महीने 25 हजार लोग मारे गए-ट्रंप

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक व्हाइट हाउस में 'पैचवर्क' ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रेगुलेशन पर रोक लगाने वाले अपने एग्जीक्यूटिव आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि 'युद्ध में केवल पिछले महीने 25,000 लोग मारे गए जिनमें से ज्यादातर सैनिक थे'। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस पर गहरा दुख प्रकट करते हुए दोनों देशों से तत्काल शत्रुता खत्म करने की अपील की। उन्होंने कहा, 'मैं चाहता हूं कि ये हत्याएं रुकें। पिछले महीने 25 हजार लोगों की मौत हुई, ज्यादातर सैनिक मारे गए। इसे रोकने के लिए हम बहुत कठिन परिश्रम कर रहे हैं। इस तरह की चीजें तीसरे विश्व युद्ध में तब्दील हो सकती हैं। सभी लोग गेम खेल रहे हैं। ये चीजें जारी रहीं तो तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो जाएगा और मैं नहीं चाहता हूं कि ऐसा कुछ हो।'

अब परिणाम चाहते हैं राष्ट्रपति-व्हाइट हाउस

व्हाइट हाउस ने गुरुवार (स्थानीय समय) को कहा कि 'युद्ध समाप्त करने के लिए रूस और यूक्रेन बातचीत में जिस तरह से धीमी प्रगति कर रहे हैं, उससे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बेहद निराश हैं। उनकी यह हताशा इस कदर बढ़ गई है कि अब केवल बैठक करने के लिए वह बैठक नहीं करना चाहते।' व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग में प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप बैंठकों से थक चुके हैं और अब वह केवल बात नहीं परिणाम चाहते हैं। चार साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका प्रमुख मध्यस्थ के रूप में कार्य कर रहा है।

इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, 'राष्ट्रपति इस युद्ध के दोनों पक्षों से बेहद निराश हैं। वे सिर्फ मिलने के लिए बैठकों से तंग आ चुके हैं। वे अब और बात नहीं करना चाहते। वे कार्रवाई चाहते हैं। वे चाहते हैं कि यह युद्ध समाप्त हो।'

दोनों पक्षों के साथ बातचीत कर रहा ट्रंप प्रशासन-लेविट

उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप प्रशासन शांति प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल है, राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत की और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनकी टीम दोनों पक्षों के साथसीधी बातचीत भी कर रही है। लेविट ने कहा, 'संयुक्त राज्य अमेरिका और ट्रंप प्रशासन रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयास में बहुत अधिक लगे हुए हैं। राष्ट्रपति ने कल यूरोपीय लोगों के साथ फोन पर बात की। उनके विशेष दूत विटकॉफ और उनकी टीम दोनों पक्षों के साथ इस समय भी बात कर रहे हैं। यदि शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने का वास्तविक मौका है, अगर हमें लगता है कि वे बैठकें इस सप्ताहांत संयुक्त राज्य अमेरिका में होने लायक हैं तो हम एक प्रतिनिधि भेजेंगे।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article