Christmas 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बच्चों के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान उनका अलग अंदाज देखने को मिला। फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो एस्टेट में छुट्टियां मना रहे ट्रंप ने बच्चों से उनके गिफ्ट के बारे में भी सवाल किया और 'बैड सांता' की घुसपैठ को लेकर मजाकिया चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि वह बुरे सांता को देश में घुसपैठ नहीं करने देंगे।
ट्रंप ने क्या कुछ कहा?
राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड (NORAD) की उस परंपरा में हिस्सा लिया, जिसमें बच्चे सांता क्लॉज़ की दुनियाभर की यात्रा को 'ट्रैक' करते हुए फोन करते हैं। ओक्लाहोमा के 4 से 10 साल के बच्चों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, ''हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि सांता अच्छा हो। वह बहुत अच्छा इंसान है। हम यह भी देखना चाहते हैं कि हमारे देश में कोई बैड सांता घुसपैठ न करे।'' हालांकि, उन्होंने इस पर और कुछ नहीं कहा।
विरोधियों पर नहीं बरसे ट्रंप
पिछले वर्षों में ट्रंप अक्सर क्रिसमस के मौके पर अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाने पर लेते रहे हैं, लेकिन इस बार उनका मूड काफी खुशनुमा रहा। उन्होंने कहा, ''मैं यह पूरे दिन कर सकता हूं।'' हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े अहम मामलों पर भी ध्यान देना होगा।
ट्रंप ने बच्चों के दिए जवाब
नॉर्थ कैरोलाइना के एक 8 वर्षीय बच्चे ने जब पूछा कि अगर कोई सांता के लिए कुकीज न छोड़े तो क्या वह नाराज होगा? इस पर ट्रंप ने कहा, ''मुझे नहीं लगता कि वह नाराज होगा, लेकिन निराश जरूर होगा।'' ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सांता थोड़ा गोल-मटोल होता है। आप जानते हैं कि गोल-मटोल का क्या मतलब है? यानी थोड़ा मोटा, इसलिए सांता को कुकीज़ पसंद आएंगी।
