South Africa Attack: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पश्चिम में बेकर्सडाल टाउनशिप में गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई है।बंदूकधारियों ने कम से कम दस लोगों को मार डाला। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। मामले पर दक्षिण अफ्रीका पुलिस ने कहा कि क्राइम एजेंसियों के साथ घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। क्राइम डिटेक्शन ट्रेसिंग यूनिट भी साथ है। रविवार, 21 दिसंबर 2025 को बेकर्सडाल में तड़के हुई गोलीबारी की घटना में शामिल संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना में 10 लोग घायल भी हैं।
घटना की अधिक जानकारी
यह घटना रात 01:00 बजे से ठीक पहले टैम्बो सेक्शन में हुई। बताया गया है कि एक सफेद कॉम्बी और एक सिल्वर सेडान में सवार करीब 12 अज्ञात संदिग्धों ने एक शराबखाने के ग्राहकों पर गोलियां चलाईं और मौके से भागते समय भी अंधाधुंध फायरिंग करते रहे। बता दें कि शराबखाने के पास लाइसेंस था।
गोलीबारी की दूसरी बड़ी घटना
यह गोलीबारी बेकर्सडेल में एक बार के पास हुई, जो दक्षिण अफ्रीका की कुछ बड़ी सोने की खदानों के पास एक गरीब इलाका है। पुलिस ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि यह हमला इस महीने दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी की दूसरी बड़ी घटना है।
6 दिसंबर को बंदूकधारियों ने राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल पर हमला किया, जिसमें तीन साल के बच्चे सहित एक दर्जन लोग मारे गए। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी उस जगह पर हुई जहां अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी।
यह ध्यान देने वाली बात है कि दक्षिण अफ्रीका 63 मिलियन लोगों का घर है और यह अपने ऊंचे क्राइम रेट के लिए जाना जाता है, जिसमें यह देश दुनिया में सबसे ज्यादा मर्डर रेट वालों देशों में से एक भी है। रविवार की घटना में हमलावर मौके से फरार हो गए और खबर लिखे जाने तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी। हमले की जांच अभी भी जारी है।
