दुनिया

बांग्लादेश में और बिगड़े हालात! ढाका में पेट्रोल बम ब्लास्ट में एक की मौत; युनुस पर बिफरे हसीना के नेता

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ढाका के मोगबाजार इलाके में फेंके गए पेट्रोल बम के धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, शेख हसीना की अवामी लीग से जुड़ी छात्र शाखा के नेता शेख एनान ने युनुस सरकार की जमकर आलोचना की और उस्मान हादी की हत्या में पार्टी की किसी भी भूमिका से इनकार किया।

Image

बांग्लादेश में जमकर हो रहा बवाल (फाइल फोटो साभार: AP)

Photo : AP

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ढाका के मोगबाजार इलाके में फेंके गए पेट्रोल बम के धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कब और कहां हुआ धमाका

यह धमाका बुधवार शाम मोगबाजार फ्रीडम फाइटर्स मेमोरियल के सामने फ्लाईओवर के नीचे हुआ, जहां से आमतौर पर लोगों की भारी भीड़ गुजरती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फ्लाईओवर के ऊपर से एक विस्फोटक फेंका गया, जो नीचे सड़क पर गिरते ही फट गया और वहां मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, बाद में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ''प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर से कॉकटेल बम फेंका गया, जो पीड़ित के सिर पर गिरा और फट गया। हम इस घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान और तलाश में जुटे हैं।''

मृतक की पहचान सियाम के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि सियाम एक निजी फैक्ट्री में काम करता था और संयोगवश घटना के समय उस इलाके से गुजर रहा था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, जबकि हमलावर विस्फोटक फेंककर मौके से फरार हो गए।

युनुस सरकार पर बरसे हसीना के नेता

शेख हसीना की अवामी लीग की छात्र शाखा, जो बांग्लादेश छात्र लीग के नाम से जानी जाती है, के महासचिक शेख एनान ने युनुस सरकार की जमकर आलोचना की और उस्मान हादी की हत्या में पार्टी की किसी भी भूमिका से इनकार किया। उन्होंने इस पूरे मामले को मोहम्मद युनुस की एक साजिश करार दिया।

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में शेख एनान ने हादी की हत्या के बाद भड़की हिंसा को लेकर युनुस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक हैं और इसके लिए युनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार जिम्मेदार है।

सनद रहे कि बांग्लादेश में हाल के दिनों में हिंसक घटनाओं की संख्या बढ़ी है। हाल ही में कट्टरपंथी इस्लामी नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद देशभर में अशांति फैल गई। वहीं, उस्मान हादी के भाई उमर ने अंतरिम सरकार पर भाई की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह सब फरवरी 2026 में होने वाले चुनावों को पटरी से उतारने के लिए किया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article