दुनिया

Goldy Brar : भारत के बाद कनाडा में भी गोल्‍डी बराड़ मोस्‍ट वांटेड, टॉप 25 अपराधियों की लिस्‍ट में शामिल

Goldy Brar : कनाडा सरकार ने भगोड़े टॉप 25 अपराधियों की 'बी ऑन द लुक आउट' (BOLO) सूची जारी की जिसमें 15 वें स्‍थान पर गोल्‍डी बराड़ का नाम है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्‍या के बाद गोल्‍डी कनाडा में रह रहा था।

Image

गोल्‍डी बराड़ को कनाडा सरकार ने मोस्‍ट वांटेड घोषित किया।

Photo : ANI

Goldy Brar : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्‍या के बाद चर्चा में आए गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) को भारत के बाद अब कनाडा ने भी मोस्‍ट वांटेड अपराधियों में शामिल किया है। कनाडा सरकार ने भगोड़े टॉप 25 अपराधियों की 'बी ऑन द लुक आउट' (BOLO) सूची जारी की जिसमें 15 वें स्‍थान पर गोल्‍डी बराड़ (Goldy Brar) का नाम है। सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्‍नोई (Lawrence Bishnoi) का करीबी माना जाता है, जो कि लॉरेंस के जेल जाने के बाद से विदेश में रहकर उसकी गैंग को चला रहा है। बता दें कि रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने गोल्‍डी का नाम मोस्‍ट वांटेड अपराधियों की सूची में डालने के लिए इंटरपोल से कहा था। जिसके बाद कनाडा की सरकार ने गोल्‍डी के खिलाफ यह एक्‍शन लिया है।

भारत सरकार घोषित कर चुकी भगोड़ा

इंटरपोल की वेबसाइट के मुताबिक, भारत सरकार के कहने पर गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) के विरुद्ध रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। जिसे कि पहले से ही भारत सरकार भगोड़ा घोषित कर चुकी है। बताते चलें कि भारत सरकार ने ये कदम गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) की आपराधिक प्रोफाइल को देखते हुए उठाया था, क्‍योंकि उस पर पहले से ही बहुत से आपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या, अवैध हथियारों की सप्लाई, हत्या का प्रयास जैसे कई संगीन अपराधों के मामले गोल्‍डी पर दर्ज हैं।

गोल्‍डी पर कितना इनाम

कनाडा सरकार ने 25 मोस्‍ट वांटेड अपराधियों के नाम घोषित करने के बाद उनके कटआउट्स को टोरंटो स्थित योंग-डंडास स्‍क्‍वॉयर में प्रदर्शित किया। इसमें 750,000 डॉलर से ज्‍यादा की इनामी राशि का ऐलान किया गया है। 25 भगोड़े अपराधियों में सभी पर अलग-अलग राशि का इनाम रखा गया है। अपर‍ाधियों पर 50,000 डॉलर से 100,000 डॉलर तक के इनाम रखे गए हैं। वहीं, गोल्डी पर 1.50 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

अमेरिका में होने की खबर

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) की हत्‍या के बाद गोल्‍डी कनाडा में रह रहा था, जिसके बाद भारतीय खुफिया एजेंसियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। ऐसे में ये इनपुट्स मिले कि वह भागकर अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित फ्रेसनो सिटी में छिपा है। जहां उसने कुछ वकीलों की सहायता लेकर बचने के प्रयास किए। वहीं, कुछ समय बाद नवंबर में बहुत सी मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा भी किया गया था कि FBI ने गोल्‍डी बराड़ (Goldy Brar) को अमेरिका में ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

मूसेवाला मर्डर की ली थी जिम्‍मेदारी

29 मई, 2023 को पंजाब के मनसा जिले में जब सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) की हत्‍या कर दी गई थी उस समय गोल्‍डी ने ही इसकी जिम्‍मेदारी ली थी। सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर उसने अपने जुर्म को कुबूल किया था। तब गोल्‍डी ने लॉरेंस के दोस्‍त विक्की मिड्‌डूखेड़ा की हत्‍या में सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) का हाथ होने की बात बताई थी। जब पुलिस ने मूसेवाला पर कोई एक्‍शन नहीं लिया तब उन्‍हें पंजाबी सिंगर की हत्‍या करनी पड़ी।

कैसे कनाडा पहुंचा गोल्‍डी

वर्ष 2017 में गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) स्टूडेंट वीजा पर कनाडा पहुंचा था। मूसेवाला हत्‍याकांड की जिम्‍मेदारी लेने के बाद से वह फरार था। बताते हैं कि गोल्‍डी पंजाब के मुक्तसर का रहने वाला है। पिछले साल ही ये खबर सामने आई थी कि उसे गिरफ्तार किया गया है हालांकि बाद में ये ख्‍बार गलत निकली थी।

लॉरेंस के बाद पूरा गैंग चला रहा

सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) की हत्‍या करने के आरोप में जब लॉरेंस बिश्‍नोई (Lawrence Bishnoi) को तिहाड़ जाना पड़ा तब गोल्‍डी ने गैंग को ऑपरेट करने का फैसला लिया। जो कि अब तक भारत के कई राज्‍यों में लॉरेंस को काम को आगे बढ़ा रहा था। इसके साथ ही पंजाब में बड़ी मात्रा में हथियार सप्‍लाई होने की बातें शुरू हो गईं और हत्‍या और रंगदारी जैसे कई मामलों में गोल्‍डी के नाम की चर्चा होने लगी।

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article