7000 thousand years old road : क्या कभी आपने समुद्र में बनी किसी सड़क के बारे में सुना है ? ज़रा सोचिए, कि अगर कभी आपको समुद्र में बनी सड़क पर चलने को कहा जाए....ये बात काल्पनिक जरूर लगती है, लेकिन सच है। दरअसल, दक्षिणी क्रोएशिया में समुद्र तट से कुछ ही दूर पर सड़क मिली है, दावा किया जा रहा है कि इसे 50 या 100 नहीं बल्कि सात हजार वर्षों पूर्व बनाया गया था। पुरातत्विदों ने भूमध्यसागर के एड्रियाटिक सागर में इस सड़क की खोज की है। इसकी खोज के बाद से वैज्ञानिक इस सोच में डूबे हुए हैं कि आखिर इतनी पुरानी सड़क उस समय कैसे बनी ?
समुद्र तट के नीचे मिली सड़क। (तस्वीर साभार - Sveučilište u Zadr / Facebook)
कैसे हुई इस सड़क की खोज
एक रिपोर्ट में बताया गया है कि वैज्ञानिकों ने इस सड़क को दक्षिणी क्रोएशिया स्थित एड्रियाटिक सागर में खोजा है। यहां पर समुद्र तल से लगभग चार से पांच अंदर इसे ढूंढ़ निकाला गया है। बताया जा रहा है कि क्रोएशियाई द्वीप पर खोजी गई ये सड़क प्रागैतिहासिक काल की है। जिसका अस्तित्व हवार संस्कृति से जुड़ा हुआ है। वैज्ञानिकों का दावा है कि इस सड़क को पत्थर निर्मित चार मीटर चौड़ी स्लैब से बनाया गया है। गोताखोरों के एक समूह ने बताया है कि उन्होंने सर्वप्रथम ग्रेडिना खाड़ी के मध्य भाग का अवलोकन किया था, जिसके बाद उनको समुद्र तल से 4 से 5 मीटर गहराई में सोलाइन बस्तियों का एक समूह मिला। तभी उन्होंने इस खोज की जानकारी फेसबुक के माध्यम से साझा की। बताया कि इस दौरान उनको नवपाषाण काल की अद्भुद कलाकृतियां मिलीं। जिनमें चकमक ब्लेड, पत्थर की कुल्हाड़ी और चक्की के टुकड़े बरामद किए गए हैं।
...तो नवपाषाण काल में हुआ था निर्माण
वैज्ञानिकों ने संभावना जताते हुए कहा है कि हो सकता है समुद्र के नीचे मिली बस्ती और सड़क नवपाषाण हवार कल्चर (Neolithic Hvar culture) के लोगों ने बनाई हो। क्योंकि इस संस्कृति के लोग छोटे-छोटे समुदायों में रहकर जीविकोपार्जन किया करते थे। बताया गया है कि सोलाइन क्षेत्र इस जगह अन्य स्थानों की अपेक्षा सबसे बड़ा और संरक्षित इलाका था, तभी इसका निर्माण किया गया होगा।
चौंका देने वाली बात आई सामने
क्रोएशिया यूनिवर्सिटी के खोजकर्ताओं ने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने इस सड़क के सात हजार साल पुरानी होने का दावा किया गया है। कहा जा रहा है कि कार्बन डेटिंग और पुरातत्व अभियानों से इस बात की तस्दीक होती है कि 4900 साल पूर्व में यहां पर लोगों का डेरा था तो कि इस सड़क पर चला करते थे। खोजकर्ता इस बात को लेकर अब भी चिंता में डूबे हुए हैं कि इसका अस्तित्व अब तक कैसे बचा हुआ है ? वैज्ञानिकों ने ये भी बताया है कि जिस स्थान पर सड़क की खोज की गई है उसके आसपास कई द्वीप मौजूद हैं। लहरों का प्रभाव कम होने के कारण ही सड़कों के अवशेष बड़ी ही आसानी से वैज्ञानिकों को मिल गए।
