Russia Ukraine War: रूस ने सीजफायर की घोषणा करने के कुछ घंटों के अंदर ही यूक्रेन पर अपने मिसाइलों से हमला बोला है। शुक्रवार को रूसी हमलों ने यूक्रेन के पूर्वी हिस्से को हिला दिया। कहा जा रहा है कि रूस का सीजफायर की घोषणा करना, शायद यूक्रेन को उलझाने के लिए था।
यूक्रेन का दावा
यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने खेरसॉन में एक दमकल केंद्र पर हमला कर अपने ही संघर्ष विराम को तोड़ा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार मिखाइलो पोडोलियाक ने कहा कि रूस का युद्धविराम एक "सनकी धोखा" था।
पुतिन ने की थी घोषणा
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को क्रिसमस के मौके पर संघर्ष विराम का आदेश दिया था। दरइसल रूस और यूक्रेन देशों में कई ईसाई समूह 6 और 7 जनवरी को क्रिसमस मनाते हैं। इसी के कारण सीजफायर की घोषणा की गई थी।यह युद्धविराम 36 घंटे तक चलने वाला था।
यूक्रेन को था शक
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पहले ही रूस के इरादों पर सवाल उठाया था। यूक्रेन का मानना था कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का अपनी सेना को दिया गया 36 घंटे के संघर्षविराम का एकतरफा आदेश संदिग्ध है। यूक्रेन के अधिकारियों ने इस कदम को एक चाल बताया था। जेलेंस्की ने कहा था रूस क्रिसमस के बहाने अपने आप को मजबूत करने की कोशिश में है। वो गोला-बारूद जुटाने के लिए समय ले रहा है।
कई महीनों से चल रही जंग
बता दें कि फरवरी 2022 में रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण किया था। तब से यूक्रेन पश्चिमी देशों की सहायता से यह युद्ध लड़ रहा है। इस युद्ध में यूक्रेन के कई शहर बर्बाद हो गई है। साथ ही चार क्षेत्रों को रूस ने अपने में मिला लिया है।
