Russia Ukraine War: एक तरफ जहां इजरायल-ईरान के बीच भीषण युद्ध जारी है। वहीं, दूसरी ओर यूक्रेन पर रूस के हमले लगातार तेज होते जा रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने दावा किया है कि सिर्फ इस हफ्ते रूस ने उनके देश के शहरों और नागरिक इलाकों पर 3,000 से ज्यादा स्ट्राइक ड्रोन से हमला किया है।
रूस ने शाहेद ड्रोन का किया इस्तेमाल: यूक्रेन
जेलेंस्की के मुताबिक, इन हमलों में बड़ी संख्या में शाहेद ड्रोन शामिल थे। इसके अलावा रूस ने 1,450 से अधिक गाइडेड एरियल बम और 40 तरह की मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि रूस अपनी सैन्य कार्रवाई को कम करने के बजाय और तेज कर रहा है।
जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस न सिर्फ यूक्रेन में युद्ध जारी रखे हुए है, बल्कि वैश्विक अस्थिरता बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यही तरह के ड्रोन और बैलिस्टिक हथियार मध्य पूर्व और खाड़ी देशों में भी इस्तेमाल हो रहे हैं।
वैश्विक बाजार में अस्थिरता
उनके मुताबिक, इस युद्ध के चलते वैश्विक बाजारों में अस्थिरता आई है और समुद्री मार्गों के बाधित होने से दुनिया का कोई भी देश अछूता नहीं रहा है। यूक्रेन ने साफ किया है कि वह अपनी सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर इस खतरे का सामना करेगा।
रूस ने हमले किए और तेज
इससे पहले मंगलवार को रूस ने 1000 ड्रोन और 34 मिसाइलें दागीं। वहीं, यूक्रेन ने भी जबरदस्त पलटवार करते हुए 400 ड्रोन से रूस पर हमला किया। अमेरिका-ईरान की वजह से भले ही दुनिया की सिरदर्दी बढ़ चुकी है, लेकिन इस फसाद ने रूस की चांदी कर दी है।
सर्दियों के अंत के साथ ही रूस अपनी सैन्य कार्रवाई और भी भीषण कर सकता है। अमेरिकी थिंक टैंक सेंटर फॉर यूरोपियन पॉलिसी एनालिसिस की एलिना बेकेटोवा ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में रूस ने युद्ध के मैदान और हवाई क्षेत्र में दबाव बढ़ा दिया है। रूस की नजर डोनबास पर है।
