दुनिया

यूक्रेन ने की व्लादिमीर पुतिन की हत्या की कोशिश, भेजे गए थे दो ड्रोन, रूस ने लगाया सनसनीखेज आरोप

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 3, 2023, 06:08 PM IST

क्रेमलिन ने एक बयान में कहा, दो मानव रहित ड्रोन को क्रेमलिन की ओर हमले के लिए भेजा गया था। इसे लेकर रूस ने सख्त बयान जारी किया है।

Image

व्लादिमीर पुतिन

Photo : PTI

Vladimir Putin Attacked: रूस ने यूक्रेन पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। रूस ने दावा किया कि उसने यूक्रेन द्वारा लॉन्च किए गए दो ड्रोन को मार गिराया। क्रेमलिन ने कहा कि यह कथित हमले को एक सुनियोजित आतंकवादी कृत्य और रूसी संघ के राष्ट्रपति को मारने की कोशिश मानता है।

क्रेमलिन का सख्त बयान

क्रेमलिन ने एक बयान में कहा, दो मानव रहित ड्रोन को क्रेमलिन की ओर हमले के लिए भेजा गया था। इन्हें निष्क्रिय कर दिया गया।" इसमें कहा गया है कि पुतिन घायल नहीं हुए और क्रेमलिन इमारत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

रूस की आरटी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रेमलिन ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन के काम करने का कार्यक्रम नहीं बदला है। यह हमेशा की तरह जारी रहेगा। क्रेमलिन कहता है कि रूसी पक्ष जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। हम इसे एक आतंकवादी हमला मानते हैं।

अब तक जारी है युद्ध

बता दें कि 24 फरवरी 2022 को रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया था। तब से लेकर अब तक इस युद्ध में हजारों की संख्या में लोग मारे गए हैं। दोनों ओर से सैनिकों की मौत हुई और घायल हुए लेकिन युद्ध अब तक नहीं थमा। युद्ध की गूंज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुनाई दी और पूरे विश्व में तनाव में महसूस किया गया। संयुक्त राष्ट्र में प्रस्ताव पास हुए, लेकिन हल नहीं निकला। रूस पर भी कई प्रतिबंध लगे, लेकिन युद्ध जारी है।

इसे लेकर दोनों देशों में तनाव चरम पर है। इससे पहले भी दोनों देश एक दूसरे के राष्ट्राध्यक्षों पर हत्या करने की कोशिशों का आरोप लगा चुके हैं। इस बार भी ऐसे ही आरोप को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है। रूस ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा है कि वह यूक्रेन पर बड़ी कार्रवाई कर सकता है। इसे लेकर दोनों देशों के बीच नए सिरे से तनाव फैलने का अंदेशा है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article