दुनिया

यूरोपीय देशों को पुतिन की सीधी चेतावनी, पीस डील नाकाम हुआ तो यूक्रेन की ज्यादा जमीन पर कब्जा कर लेंगे

रूसी राष्ट्रपति ने साफ-साफ संकेत दिया है कि कूटनीतिक प्रयास यदि रुक जाते हैं तो क्रेमलिन सैन्य तरीकों पर विचार करने को तैयार है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सैन्य कमांडरों की एक वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि रूस बातचीत के जरिए और समस्या की मूल जड़ को सुलझाने के पक्ष में है।

putin

पश्चिमी देशों को पुतिन ने दी चेतावनी। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

Russia warns Europe: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोपीय देशों को खुली चेतावनी दे दी है। पुतिन ने आगाह करते हुए कहा है कि मास्को की शर्तों वाला पीस डील यदि असफल होता है तो यूक्रेन के जो इलाके उसके नियंत्रण में है, उससे आगे जाकर वह क्षेत्रों को अपने अधीन करेगा। रूसी राष्ट्रपति ने साफ-साफ संकेत दिया है कि कूटनीतिक प्रयास यदि रुक जाते हैं तो क्रेमलिन सैन्य तरीकों पर विचार करने को तैयार है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सैन्य कमांडरों की एक वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि रूस बातचीत के जरिए और समस्या की मूल जड़ को सुलझाने के पक्ष में है लेकिन सार्थक बातचीत के अभाव में मास्को की प्रतिक्रिया कड़ी होगी।

ट्रंप ने तेज किए हैं कूटनीतिक प्रयास

पुतिन ने कहा कि 'यदि विरोधी पक्ष और उसके विदेशी संरक्षक सार्थक संवाद में शामिल होने से इनकार करते हैं, तो रूस सैन्य तरीकों से अपनी ऐतिहासिक भूमि की मुक्ति हासिल करेगा।' ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद लगभग चार वर्षों से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज कर रहे हैं। हालांकि, ये प्रयास क्षेत्रीय नियंत्रण और सुरक्षा गारंटियों को लेकर मॉस्को और कीव के बीच गहरे मतभेदों के कारण अटके हुए हैं।

तो फिर 'बफर सुरक्षा क्षेत्र' का विस्तार करेगा रूस

पुतिन ने दावा किया कि रूसी बलों ने पूरी अग्रिम पंक्ति पर रणनीतिक बढ़त हासिल कर ली है और उसे बनाए हुए हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि मॉस्को रूस-यूक्रेन सीमा के साथ एक तथाकथित 'बफर सुरक्षा क्षेत्र' का विस्तार करेगा। पुतिन ने रूस की बढ़ती सैन्य क्षमताओं की प्रशंसा करते हुए कहा 'हमारी सेनाएं अब पहले से अलग हैं। वे युद्ध में तप चुकी हैं और दुनिया में ऐसी कोई दूसरी सेना नहीं है।' उन्होंने रूस के परमाणु शस्त्रागार के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया, जिसमें नया परमाणु-सक्षम मध्यम दूरी का ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइल शामिल है, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि इसे इस महीने आधिकारिक रूप से युद्धक ड्यूटी में शामिल किया जाएगा।

बर्लिन में अमेरिकी दूतों से मिले हैं जेलेंस्की

रूस ने नवंबर 2024 में इस मिसाइल के पारंपरिक हथियारों से लैस संस्करण का यूक्रेन के एक कारखाने पर परीक्षण किया था, जिसके बाद पुतिन ने दावा किया था कि इसे रोकना असंभव है। यूक्रेन और उसके पश्चिमी सहयोगी रूस की कार्रवाइयों को बार-बार बिना उकसावे के आक्रामक कदम और यूक्रेन की संप्रभुता का उल्लंघन बताते रहे हैं। पुतिन की ये टिप्पणियां इस सप्ताह यूक्रेनी, अमेरिकी और यूरोपीय अधिकारियों के बीच अमेरिकी मसौदा शांति प्रस्ताव पर हुई कई दौर की वार्ताओं के बाद आई हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बर्लिन में अमेरिकी दूतों से मुलाकात के बाद कहा कि दस्तावेज को कुछ ही दिनों में अंतिम रूप दिया जा सकता है, जिसके बाद इसे क्रेमलिन के सामने पेश किया जाएगा।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article