दुनिया

लाहौर में पुलिस और बुलडोजर दोनों एक्शन में, इस्लामाबाद में इमरान खान को होना है पेश

  • Authored by: ललित राय
  • Updated Mar 18, 2023, 03:14 PM IST

Imran Khan news updates:सत्ता का चरित्र ही दमनकारी होता है। जो सरकार में होता है कि उसे पुलिसिया कार्रवाई जायज लगती है जो विपक्ष में होता है उसे दमनकारी। तोशखाना मामले में पेशी के लिए इमरान खान एक तरफ इस्लामाबाद के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि दूसरी तरफ लाहौर स्थित उनके घर में पंजाब पुलिस घुस गई।

Image

इमरान खान के घर एक्शन में बुलडोजर

KEY HIGHLIGHTS
  • इस्लामाबाद में इमरान खान की होनी है पेशी
  • लाहौर स्थित घर में दाखिल हुई पुलिस
  • दो दिन पहले पुलिस-समर्थकों में हुआ था टकराव

Imran Khan news updates: तोशाखाना मामले में अदालत के सामने पेश होने के लिए इमरान खान इस्लामाबाद के लिये रवाना हुए तो दूसरी तरफ पंजाब पुलिस लाहौर स्थित उनके घर का दरवाजा तोड़कर घुसी। बताया जा रहा है कि बुलडोजर के जरिए कुछ हिस्से को तोड़ा भी गया है।इस्लामाबाद की एक स्थानीय अदालत पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ तोशाखाना मामले में शनिवार को सुनवाई बहाल करेगी।इससे पहले हुई सुनवाइयों में पेश नहीं होने पर कानून प्रवर्तन कर्मियों की खान को गिरफ्तार करने की कोशिशें अभी तक नाकाम रही हैं।

इस्लामाबाद में होनी है पेशी

इमरान खान निर्वाचन आयोग द्वारा दायर शिकायत से जुड़ी कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जफर इकबाल की अदालत में पेश होंगे। पाकिस्तान निर्वाचन आयोग (ECP) ने संपत्ति संबंधी घोषणाओं में अपने उपहारों के विवरण को कथित रूप से छिपाने के लिए खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।‘डॉन’ समाचार पत्र ने बताया कि खान अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ लाहौर स्थित अपने आवास से इस्लामाबाद के लिए निकले। इस्लामाबाद के जी-11 में न्यायिक परिसर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं जहां इमरान खान के दोपहर तक पहुंचने की संभावना है।

धारा 144 लागू

इस्लामाबाद प्रशासन ने शुक्रवार रात को राजधानी में धारा-144 लागू कर दी थी। जिसके तहत निजी कंपनियों, सुरक्षा गार्ड या अन्य व्यक्तियों के लिए हथियार रखना प्रतिबंधित है। खान पर पिछले साल नवंबर में जानलेवा हमला हुआ था।अदालत ने पिछले बृहस्पतिवार को सुनवाई में इमरान खान की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उनके खिलाफ जारी गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट को निलंबित करने की मांग की गई थी।बहरहाल, इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने खान के खिलाफ जारी गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट को स्थगित करते हुए शुक्रवार को उन्हें एक अवसर दिया था, ताकि वह तोशाखाना मामले की सुनवाई कर रही जिला अदालत में शनिवार को पेश हो सकें।

उपहार को लेकर विवाद

इमरान खान उपहार खरीदने को लेकर विवादों में रहे हैं, जिसमें एक महंगी कलाई घड़ी भी शामिल है जिसे उन्होंने तोशाखाना से रियायती कीमत पर खरीदा और फिर बेचकर लाभ कमाया।वर्ष 1974 में स्थापित तोशाखाना कैबिनेट प्रभाग के प्रशासनिक नियंत्रण के तहत एक विभाग है। तोशाखाना में पाकिस्तानी शासकों, सांसदों, नौकरशाहों और अधिकारियों को अन्य देशों की सरकारों, राज्यों के प्रमुखों और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों से मिले कीमती उपहारों को संग्रहीत किया जाता है।बिक्री का विवरण साझा नहीं करने के कारण पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने इमरान खान को अयोग्य घोषित कर दिया था।

ललित राय
ललित रायauthor

खबरों को सटीक, तार्किक और विश्लेषण के अंदाज में पेश करना पेशा है। पिछले 10 वर्षों से डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article