दुनिया

ढाका में भारतीय उच्चायोग पर मंडरा रहा खतरा! VISA ऑफिस बंद; सड़कों पर डटे सैकड़ों प्रदर्शनकारी

Bangladesh Protest: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गुलशन इलाके में बुधवार की दोपहर पुलिस ने भारतीय उच्चायोग की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह को रोका, लेकिन प्रदर्शनकारी वापस नहीं लौटे। बकौल रिपोर्ट, आगे बढ़ने में असमर्थ प्रदर्शनकारी अंततः सड़क पर बैठ गए, नारे लगाए और लाउडस्पीकर का उपयोग करके सभा को संबोधित किया।

Image

भारतीय उच्चायोग की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारी (फाइल फोटो साभार: AP)

Photo : AP

Bangladesh Protest: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गुलशन इलाके में बुधवार की दोपहर पुलिस ने भारतीय उच्चायोग की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह को रोका। ये प्रदर्शनकारी अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और पिछले साल जुलाई में हुए विद्रोह के दौरान और बाद में भाग गए अन्य लोगों की वापसी की मांग कर रहे थे।

उच्चायोग का घेराव करने की कोशिश

समाचार एजेंसी एएनआई ने द डेली स्टार के हवाले से बताया कि 'July Oikya' बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारी रामपुर पुल के पास एकत्रित हुए और दोपहर लगभग 3:15 बजे अपना मार्च शुरू किया। जैसे ही प्रदर्शनकारी उत्तर बड्डा की ओर बढ़े पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उनका रास्ता अवरुद्ध किया, लेकिन प्रदर्शनकारी शुरुआती बैरिकेड तोड़ने में सफल रहे। हालांकि, आगे पुलिस ने और नाकाबंदी की थी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अवरोधकों के बावजूद प्रदर्शनकारी शुरुआती बैरिकेड को तोड़ने में सफल रहे, लेकिन आगे एक मजबूत पुलिस नाकाबंदी ने उन्हें फिर से रोक दिया। द डेली स्टार ने मौके पर मौजूद लोगों के हवाले से बताया कि आगे बढ़ने में असमर्थ प्रदर्शनकारी अंततः सड़क पर बैठ गए, नारे लगाए और लाउडस्पीकर का उपयोग करके सभा को संबोधित किया।

भारत ने बांग्लादेश के राजदूत को किया तलब

भारत ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्ला को तलब करके ढाका स्थित भारतीय मिशन के आसपास सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न करने की कुछ चरमपंथी तत्वों की साजिश को लेकर विरोध दर्ज कराया। नई दिल्ली ने बांग्लादेश में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की और स्वतंत्र, निष्पक्ष व विश्वसनीय संसदीय चुनाव कराने की अपनी मांग को दोहराया। चुनाव 12 फरवरी को होने हैं।

मामले से परिचित लोगों के अनुसार, हामिदुल्ला को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और उन्हें एक औपचारिक राजनयिक नोटिस सौंपा गया। उन्होंने बताया कि कुछ चरमपंथी तत्वों द्वारा ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग के आसपास विरोध प्रदर्शन करने की योजना की घोषणा के बाद भारत ने यह कार्रवाई की है।

MEA ने क्या कुछ कहा

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में यह भी कहा कि बांग्लादेश में हाल की कुछ घटनाओं को लेकर चरमपंथी तत्वों द्वारा गढ़ी जा रही झूठी कहानी को भारत पूरी तरह खारिज करता है। हमीदुल्ला को तलब किए जाने के तुरंत बाद विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अंतरिम सरकार ने न तो इन घटनाओं की गहन जांच की है और न ही इनके संबंध में भारत के साथ कोई ठोस सबूत साझा किए हैं।’’

सनद रहे कि बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने तीन दिन पहले ढाका में भारतीय राजदूत प्रणय वर्मा को तलब किया और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा भारतीय धरती से दिए गए ‘भड़काऊ’ बयानों पर चिंता व्यक्त की। भारत ने स्पष्ट किया कि उसने कभी भी अपनी धरती का इस्तेमाल बांग्लादेश के हितों के प्रतिकूल गतिविधियों के लिए नहीं होने दिया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article