अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को संकेत दिया कि गाजा में जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिका एक बड़े समझौते के बेहद करीब पहुंच चुका है। उन्होंने दावा किया कि इस संभावित समझौते से न केवल युद्ध समाप्त हो सकता है, बल्कि बंधकों की रिहाई भी संभव होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो- AP)
व्हाइट हाउस के लॉन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि गाजा पर हमारा समझौता करीब-करीब तय हो गया है। इस समझौते के जरिए बंधकों को वापस लाया जाएगा और युद्ध का अंत होगा।”'
ये भी पढ़ें- इजराइल नहीं झुकेगा- UN में बहिष्कार के बीच बोले नेतन्याहू, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने दिया साथ
ट्रंप करते रहे हैं दावा
हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस समझौते में कौन-कौन से पक्ष शामिल होंगे और किन शर्तों पर सहमति बनी है। उन्होंने केवल इतना कहा कि बातचीत “सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है” और जल्द ही बड़ी घोषणा हो सकती है। गौरतलब है कि ट्रंप पिछले कुछ समय से बार-बार यह दावा कर रहे हैं कि अमेरिका की मध्यस्थता से गाजा युद्ध रोकने की दिशा में काम चल रहा है। लेकिन अब तक उनकी पूर्व घोषणाओं का कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। इस वजह से उनके नए बयान को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्सुकता और संदेह दोनों ही बने हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय दबाव और मानवीय संकट
फिलहाल गाजा में युद्ध से बड़ी संख्या में आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार युद्धविराम की अपील कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र और कई मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि मानवीय संकट गहराता जा रहा है और तत्काल युद्ध रोकना जरूरी है। अमेरिका ने भी इस मुद्दे पर इजराइल और अन्य सहयोगी देशों से बातचीत तेज कर दी है। अमेरिकी प्रशासन के मुताबिक, लक्ष्य यह है कि एक ऐसा समझौता तैयार किया जाए जिससे एक ओर बंधकों की सुरक्षित रिहाई हो सके और दूसरी ओर गाजा में युद्ध की आग को शांत किया जा सके।
ट्रंप पर दबाव
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप पर भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बढ़ रहा है। अमेरिका के अंदर कई राजनीतिक दल और मानवाधिकार संगठन उनसे गाजा में तुरंत शांति स्थापित कराने की मांग कर रहे हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वॉशिंगटन की भूमिका को निर्णायक माना जा रहा है।
हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि जिस समझौते की बात ट्रंप कर रहे हैं, वह वास्तव में कितना व्यावहारिक और टिकाऊ होगा। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में अमेरिका इस दिशा में कौन-सा ठोस कदम उठाता है।
