दुनिया

PM Modi US Visit: अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा पर न्यूयॉर्क पहुंचे पीएम मोदी, वाशिंगटन डीसी में होगी अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन से मुलाकात

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 20, 2023, 10:31 PM IST

PM Modi US Visit: यह पीएम मोदी की अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी न्यूयॉर्क में योग कार्यक्रम के समापन के तुरंत बाद वाशिंगटन डीसी के लिए रवाना हो जाएंगे।

Image

अमेरिका पहुंचे पीएम मोदी

Photo : Times Now Digital

PM Modi US Visit: पीएम मोदी संयुक्त राज्य अमेरिका की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के लिए न्यूयॉर्क पहुंच गए हैं। यहां पीएम मोदी बुधवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की अगुवाई करेंगे। जिसमें कई देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

पहली राजकीय यात्रा

यह पीएम मोदी की अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी योग कार्यक्रम के समापन के तुरंत बाद वाशिंगटन डीसी के लिए रवाना होंगे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन एक निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।

न्यूयॉर्क में पीएम मोदी का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर एक अनोखे योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। इसमें संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारी, दुनिया भर के राजदूत और प्रमुख व्यक्ति भाग लेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन के निमंत्रण पर पीएम मोदी अपनी अमेरिकी यात्रा के पहले चरण में न्यूयॉर्क में होंगे।

प्रमुख हस्तियों से मुलाकात

पीएम मोदी मंगलवार को न्यूयॉर्क में विभिन्न क्षेत्रों के दो दर्जन से अधिक विचारकों और विशेषज्ञों से मुलाकात करेंगे। जिनमें नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री, कलाकार, वैज्ञानिक, विद्वान, उद्यमी, शिक्षाविद और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी टेस्ला और ट्विटर के मालिक एलन मस्क, अंतरिक्ष विज्ञानी और लेखक नील डिग्रेसी टाइसन, नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री पॉल रोमर, लेखक निकोलस नासिम तालिब और निवेशक रे डालियो से मुलाकात कर सकते हैं।अधिकारियों के अनुसार जिन अन्य प्रमुख हस्तियों के प्रधानमंत्री से मिलने की संभावना है उनमें फालू शाह, जेफ स्मिथ, माइकल फ्रोमैन, डेनियल रसेल, एलब्रिज कॉल्बी, पीटर एग्रे, स्टीफन क्लास्को और चंद्रिका टंडन शामिल हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article