PIA plane seized : पाकिस्तान की माली हालत किसी से छिपी नहीं है। आर्थिक रूप से बदहाल एवं टूट चुके इस देश के पास अब इतने पैसे भी नहीं बचे हैं कि वह अपने विमानों के परिचालन के लिए देशों को बकाए का भुगतान कर सके। बकाए पैसे का भुगतान नहीं कर पाने पर मलेशिया ने उसके एक विमान को जब्त कर लिया है। ARY न्यूज के मुताबिक पाकिस्तान ने यह विमान मलेशिया से लीज पर लिया था लेकिन करार के मुताबिक पाकिस्तान इस देश को भुगतान नहीं कर रहा था। यह दूसरी बार है जब मलेशिया ने पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) के विमान को जब्त किया है।
पाकिस्तान पर 4 मिलियन डॉलर की देनदारी
भुगतान न करने की वजह से पाकिस्तान पर 4 मिलियन डॉलर की देनदारी हो गई थी। कोर्ट के आदेश के बाद कुआलालंपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पीआईए के विमान को जब्त कर लिया गया। खास बात यह है कि भुगतान को लेकर ही साल 2021 में एयरपोर्ट के अधिकारियों ने इस विमान को जब्त किया था।
आश्वासन के बाद विमान छोड़ने को तैयार हुआ था मलेशिया
रिपोर्टों के अनुसार भुगतान को लेकर पाकिस्तानी राजनयिकों के आश्वासन के बाद मलेशिया इस विमान को छोड़ने के लिए तैयार हुआ। हालांकि, जब्त हुए विमान को पाकिस्तान जनवरी 2021 में लाने में सफल रहा। इस विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 173 यात्री सवार थे।
विमान छुड़ाने के लिए अपनाएंगे कानूनी रास्ता-प्रवक्ता
रिपोर्टों में पीआईए के प्रवक्ता अब्दुल्ला हाफीज खान के हवाले से कहा गया है कि मलेशिया के एक कोर्ट ने प्लेन को सीज करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्लेन को छुड़ाने के लिए एयरलाइन कानूनी रास्ता अपनाएगी। प्रवक्ता का कहना है कि जिस रकम को लेकर विवाद है उसका भुगतान पहले ही कर दिया गया है। यह दूसरी बार है जब पाकिस्तान का विमान मलेशिया में जब्त हुआ है।
