दुनिया

इमरान खान ने कानून की धज्जियां उड़ाई हैं- PTI समर्थकों के हिंसक प्रदर्शन पर भड़के पाक PM शहबाज शरीफ

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 10, 2023, 11:48 PM IST

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद उनकी पार्टी पीटीआई के समर्थक सड़कों पर उतर आए और हिंसक प्रदर्शन करने लगे। सेना मुख्यालय पर धावा बोल दिया और कई जगहों पर आगजनी की। इमरान खान को अब एक और मामले में दोषी ठहराया गया है।

Image

पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने इमरान खान की गिरफ्तारी पर देश को किया संबोधित

Photo : AP

पाकिस्तान में इस समय हंगामा बरपा हुआ है। इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद से देश में हिंसा भड़की हुई है। इमरान की गिरफ्तारी के कई घंटों बाद पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ सामने आए और उन्होंने देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इमरान खान पर जमकर हमला बोला।

बताया अक्षम्य अपराध

अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद देश में फैली हिंसा के लिए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को कहा कि "राज्य के दुश्मनों" के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पीटीआई के कार्यकर्ताओं की हरकतों को 'अक्षम्य अपराध' बताते हुए पीटीआई पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बदमाशों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्हें कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इमरान खान और उनके सपोर्टरों ने कानून की धज्जियां उड़ाई हैं।

जो दुश्मन न कर सके PTI ने कर दिया

पाक पीएम ने कहा कि 75 साल में देश के दुश्मन जो नहीं कर सके, वह इमरान के कार्यकर्ताओं ने कुछ दिनों में हिंसक विरोध प्रदर्शन करके कर दिखाया है। पीएम शहबाज ने दोहराया कि देश और उसकी विचारधारा की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को साजिश करने की अनुमति नहीं देगी।

नवाज शरीफ की दिलाई याद

शहबाज शरीफ ने कहा कि इमरान के शासन के दौरान मनमाने ढंग से विरोधियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। पिछली सरकार ने फैसला किया कि किसे जेल भेजना है और किसे दया दिखानी है। उन्होंने कहा कि 15 किलोग्राम हेरोइन रखने से संबंधित मामला राणा सनाउल्लाह के खिलाफ दर्ज किया गया था। यह पाकिस्तान के इतिहास का सबसे काला समय था। पीटीआई सरकार के "अंधे राजनीतिक प्रतिशोध" से देश का विकास बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसके साथ-साथ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अन्य नेताओं के खिलाफ मामलों का उल्लेख करते हुए, शहबाज़ ने कहा कि उन्होंने उनका सामना किया और अदालतों में पेश हुए। शरीफ ने कहा कि नवाज को एनएबी ने भ्रष्टाचार के झूठे आरोपों में गिरफ्तार भी किया था, लेकिन उन्होंने हिंसा नहीं भड़काई।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article