दुनिया

Pakistan: बलूच लड़ाकों ने फिर जाफर एक्सप्रेस को बनाया निशाना, IED से रेलवे ट्रैक को उड़ाया; 4 डिब्बे पटरी से उतरे

पाकिस्तान में पेशावर से क्वेटा जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार रात धमाके का शिकार हो गई। यह धमाका सिंध के सुल्तानकोट और जैकबाबाद के बीच रेलवे ट्रैक पर हुआ, जिससे ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को सील कर दिया और ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। जाफ़र एक्सप्रेस पिछले एक साल में कई बार हमलों का निशाना बन चुकी है, जिससे पाकिस्तान में रेलवे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Image

पेशावर से क्वेटा जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार रात एक फिर धमाके का शिकार हो गई।

Photo : Twitter

Jaffar Express Train Derail: पाकिस्तान में पेशावर से क्वेटा जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार रात एक फिर धमाके का शिकार हो गई। धमाका सिंध और बलूचिस्तान को जोड़ने वाले रेलवे ट्रैक पर हुआ, जिसकी वजह से ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, इस घटना में कोई मौत या घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

बलूच विद्रोहियों ने ली जिम्मेदारी

बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने कहा, 'शिकारपुर और जैकबबाद के बीच स्थित सुल्तान कोट कस्बे में एक आईईडी लगाया और उसे रिमोट कंट्रोल से विस्फोटित कर दिया. ट्रेन को उस समय निशाना बनाया गया जब उसमें पाकिस्तानी सेना के जवान यात्रा कर रहे थे. इस ब्लास्ट में कई जवान की मौत तो कई घायल हैं. ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए.'

सुल्तानकोट और जैकबाबाद के बीच रेलवे ट्रैक पर हुआ धमाका

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह धमाका सिंध के सुल्तानकोट और जैकबाबाद के बीच रेलवे ट्रैक पर हुआ। सुल्तानकोट के रेलवे अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि धमाके से ट्रैक को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद ट्रेन के चार डिब्बे डिरेल हो गए।

पाकिस्तान रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थानीय मीडिया को बताया,“धमाके के कारण ट्रैक क्षतिग्रस्त हुआ, जिससे चार बोगियां पटरी से उतर गईं। हालांकि, किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।”

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया और क्लियरेंस ऑपरेशन के बाद ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रिलीफ ट्रेन मौके पर पहुंच चुकी है और मुख्य रेल मार्ग पर यातायात बहाल करने की कोशिशें जारी हैं।

कई बार निशाना बन चुकी है जाफर एक्स्प्रेस

गौरतलब है कि जाफर एक्सप्रेस पिछले एक साल में कई बार हमलों का निशाना बन चुकी है। नवंबर में यह ट्रेन बलूचिस्तान के कच्छी जिले के बोलन पास इलाके में सशस्त्र हमले से बाल-बाल बची थी।

उसी महीने नसीराबाद जिले में बम हमले की कोशिश भी नाकाम रही थी। लगातार हो रहे इन हमलों ने बलूचिस्तान और उससे जुड़े इलाकों में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल धमाके के पीछे किस संगठन का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, इस ट्रेन पर हमले की शुरुआत 11 मार्च 2025 को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने किया था. उस समय ट्रेन में 440 यात्री सफर कर रहे थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article