दुनिया

'इमरान खान को किया जा रहा मेंटल टॉर्चर'; PAK की अदियाला जेल के बाहर बवाल; पूर्व PM से फिर नहीं मिल पाया परिवार

Pakistan Politics: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहनों ने रावलपिंडी के फैक्ट्री नाका के पास मंगलवार को धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान खान और बुशरा बीबी दोनों को मेंटल टॉर्चर किया जा रहा है। इमरान की बहन अलीमा ने कहा कि हर मंगलवार को उन्हें उनसे मिलने से रोका जाता है।

Image

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल फोटो)

Pakistan Politics: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहनों ने रावलपिंडी के फैक्ट्री नाका के पास मंगलवार को धरना दिया। दरअसल, इमरान खान की बहनों अलीमा खान, नोरिन खान नियाजी और उजमा खान को अदियाला जेल में कैदा पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक से मिलने की अनुमति नहीं दी गई।

इमरान से नहीं मिल पा रहा परिवार

इमरान खान की बहनों के साथ प्रांतीय अध्यक्ष जुनैद अकबर और मुश्ताक गनी सहित पीटीआई के कई नेता धरने में शामिल हुए। इस दौरान इमरान की बहन अलीमा ने कहा, ''हर मंगलवार को उन्हें उनसे मिलने से रोका जाता है।'' अलीमा ने दावा किया कि इमरान खान और बुशरा बीबी दोनों को एकांत कारावास में रखा गया है और मानसिक यातनाएं दी जा रही हैं।

कब तक चला धरना

रावलपिंडी में पड़ रही कड़कड़ाती ठंड के बीच पूर्व प्रधानमंत्री की बहनों का विरोध प्रदर्शन स्थानीय समयानुसार 3:30 बजे शुरू हुआ, जो रात को समाप्त हुआ। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कई हफ्तों से इमरान खान का परिवार विरोध प्रदर्शन कर रहा है, क्योंकि उन्हें पूर्व पीएम से मिलने नहीं दिया जा रहा है।

इससे पहले रविवार को, अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के विरोध और लियाकत बाग में जमात-ए-इस्लामी की सभा से पहले रावलपिंडी में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

इमरान से क्यों नहीं मिल पा रहा परिवार?

इससे पहले, पाकिस्तान सरकार ने एक बयान में साफ किया था कि पूर्व पीएम के परिवार को इमरान से मिलने पर 'कोई रोक' नहीं है। पाकिस्तान सरकार में गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने लाहौर में पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा था कि अगर इमरान खान के बेटे देश में आते हैं तो उनके जेल में बंद अपने पिता से मिलने पर ‘कोई रोक’ नहीं है।

उन्होंने कहा था कि सुलेमान खान और कासिम खान के अपने पिता इमरान खान से रावलपिंडी की अडियाला जेल में मिलने पर कोई रोक नहीं है। सुलेमान और कासिम, जो वर्तमान में लंदन में रहते हैं, खान के पहले विवाह से हुए बेटे हैं और उनकी मां ब्रिटिश टेलीविजन की मशहूर हस्ती जेमिमा गोल्डस्मिथ हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article