Pakistan Jet Crash: पाकिस्तानी एयरफोर्स का एक जेट आज क्रैश कर गया। रिपोर्ट्स के अनुसार यह फाइटर जेट अपनी नियमित उड़ान पर था, जहां हवा में ही इसके इंजन में कोई खराबी आ गई और यह क्रैश कर गया। जेट के क्रैश करने से पहले ही दोनों पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए थे, जिससे उनकी जान बच गई है।
पाकिस्तान एयरफोर्स का फाइटर जेट क्रैश (प्रतीकात्मक फोटो- U.S. Air Force )
कौन सा लड़ाकू विमान किया क्रैश?
पाकिस्तान का कौन सा लड़ाकू विमान क्रैश हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के अनुसार यह JF- 17 लड़ाकू विमान है, हालांकि कई जगह इसे एक ट्रेनिंग जेट बताया जा रहा है।
कैसे किया फाइटर जेट क्रैश?
पाकिस्तानी वायुसेना की ओर से इस फाइटर जेट के क्रैश होने पर कोई बयान सामने नहीं आया है। लड़ाकू विमान कैसे क्रैश किया है, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, मीडिया रिपोर्ट्स में इंजन का फेल होना, क्रैश का कारण बताया जा रहा है।
कहां क्रैश हुआ पाकिस्तानी फाइटर जेट?
जहां यह जेट क्रैश हुआ है, वो मियांवाली जिले का कमरमशानी क्षेत्र है। मियांवाली शहर में ही पाकिस्तानी एयरफोर्स का प्रमुख वायुसेना प्रशिक्षण केंद्र भी स्थित है। यह एयरबेस पहले भी कई सैन्य विमान हादसों का गवाह बन चुका है। हालिया विमान दुर्घटना के बाद एक बार फिर पाकिस्तान वायुसेना के ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट और पुराने लड़ाकू विमानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले जनवरी 2020 में भी मियांवाली एयरबेस के पास नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक FT-7 ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दोनों पायलटों की मौत हो गई थी। उस समय सामने आई रिपोर्टों में बताया गया था कि पाकिस्तान वायुसेना लंबे समय से FT-7 और उसके विभिन्न संस्करणों का इस्तेमाल कर रही है। इन विमानों को पुराना माना जाता है और बीते वर्षों में इनके साथ कई तकनीकी खामियां और हादसे भी सामने आ चुके हैं। ताजा हादसे ने पाकिस्तान की सैन्य विमानन सुरक्षा, ट्रेनिंग सिस्टम और पुराने हो चुके फाइटर बेड़े की स्थिति को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
