Salman Rushdie Case: प्रसिद्ध लेखक सलमान रुश्दी पर चाकू से हमला करने के दोषी हादी मतार को शुक्रवार को 25 साल की सजा सुनाई गई। बता दें कि हादी मतार ने सलमान रुश्दी पर 2022 में न्यूयॉर्क में एक व्याख्यान कार्यक्रम के दौरान चाकू से हमला किया था। इस हमले में रुश्दी की एक आंख की रोशनी चली गई थी।
मशहूर लेखक सलमान रुश्दी
कोर्ट ने ठहराया था दोषी
जूरी ने हादी मतर (27) को फरवरी में हत्या के प्रयास और हमले का दोषी पाया था। रुश्दी हमलावर की सजा सुनाए जाने के समय पश्चिमी न्यूयॉर्क की अदालत में नहीं आए, लेकिन उन्होंने बयान प्रस्तुत किया। मुकदमे के दौरान, 77 वर्षीय लेखक मुख्य गवाह थे। रुश्दी ने बताया कि एक नकाबपोश हमलावर ने उनके सिर और शरीर पर 12 से अधिक बार उस वक्त चाकू से वार किया, जब वे लेखकों की सुरक्षा के बारे में भाषण देने के लिए चॉटोक्वा इंस्टीट्यूशन जा रहे थे।
सजा सुनाए जाने से पहले, मतर ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बारे में एक बयान दिया, जिसमें उन्होंने रुश्दी को पाखंडी कहा। जिला अटॉर्नी जेसन श्मिट ने कहा कि मतर को रुश्दी की हत्या के प्रयास के लिए अधिकतम 25 साल की सजा और उनके साथ मंच पर मौजूद एक व्यक्ति को घायल करने के लिए सात साल की सजा मिली। उन्होंने कहा कि दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी, क्योंकि दोनों पीड़ित एक ही घटना में घायल हुए थे।
