Joe Biden's Awkward Moments : अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ-अक्सर कुछ ऐसा घटित हो जाता है जिसकी वजह से वह अचानक सुर्खियों में आ जाते हैं। कभी वह सीढ़ियों से लड़खड़ा कर गिर जाते हैं तो कभी साइकिल चलाते हुए अपना संतुलन खो बैठते हैं। ताजा मामला इटली का है। G-7 की बैठक में शरीक होने के लिए इटली के आपुलिया पहुंचे बाइडेन खोए-खोए और अनमने से दिखे। गुरुवार को जी-7 के नेता फोटो सेशन के लिए एक लॉन में एकत्रित हुए थे लेकिन बाइडेन उनसे दूर जाते हुए उस दिशा में थम्स अप का इशारा करते हुए पाए गए जिस तरफ कोई नहीं था। इसी दौरान मेलोनी की नजर उन पर पड़ी और वह अमेरिकी राष्ट्रपति को हाथ से इशारा कर उन्हें फोटो सेशन के लिए साथ खड़ा होने के लिए कहा। सोशल मीडिया में इस घटना का वीडियो काफी देखा जा रहा है।
अक्सर अपने आप में खो जाते हैं बाइडेन
यही नहीं गुरुवार को बाइडेन जब आपुलिया के रिजॉर्ट पहुंचे तब भी उन्होंने थोड़ा अजीब व्यवहार किया। उनके स्वागत में खड़ी मेलोनिया से उन्होंने कुछ बात की और फिर उन्हें सैल्यूट कर आगे बढ़े। कुछ दिनों पहले व्हाइट हाउस में हुई एक घटना भी चर्चा का विषय रही और बाइडेन रिपब्लिकन सांसदों के निशाने पर आ गए। दरअसल, एक संगीत समारोह के दौरान बाइडेन एक दम स्थिर रहे।
यह भी पढ़ें-लोकतंत्र, आबादी में सबसे बड़े, अर्थव्यवस्था भी 5वीं लेकिन भारत क्यों नहीं है जी-7 का सदस्य
राष्ट्रपति पद की रेस में हैं 81 साल के बाइडेन
व्हाइट हाउस के इस कार्यक्रम के दौरान उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और उनके पति संगीत समारोह का भरपूर लुत्फ उठाया जबकि बगल में खड़े बाइडेन चुपचाप बिना पलक झपकाए मूर्ति की तरह खड़े रहे। इस तरह की घटनाएं रिपब्लिकन्स को बाइडेन का मजाक उड़ाने का मौका दे रही हैं। बाइडेन राष्ट्रपति पद की रेस में हैं और इस साल अमेरिका में चुनाव भी होने हैं। बाइडेन 81 साल के हो गए हैं। लोगों का कहना है कि उम्र का तकाजा उन पर भारी पड़ रहा है।
