दुनिया

इजराइल ने ईरान के खिलाफ छेड़ दी जंग! धमाकों से दहला तेहरान, IDF ने सैन्य ठिकानों पर की बमबारी

Israel Attack on Iran: इजराइली सेना (IDF) की ओर से कहा गया है कि उसने ईरान के सैन्य ठिकानों और राजधानी तेहरान को निशाना बनाया है। उसने कहा है कि ईरान की ओर से किए गए हमलों के बाद यह एक्शन लिया गया है।

Image

इजराइल ने ईरान पर किया हमला।

Photo : AP

Israel Attack on Iran: इजराइल ने ईरान पर हमला बोल दिया है। शनिवार तड़के ईरान के सैन्य ठिकानों समेत राजधानी तेहरान पर बमबारी की आवाज सुनाई दी है। इजराइली सेना (IDF) ने इस हमले की पुष्टि की है। उसने कहा है कि ईरान की ओर से किए गए हमलों के बाद यह एक्शन लिया गया है, ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है। उधर, ईरानी मीडिया की ओर से भी इस हमले की जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि तेहरान के पास कई सैन्य ठिकानों पर निशाना बनाया गया है।

IDF ने हमलों की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर कहा है कि इजराइल के खिलाफ ईरान की ओर से महीनों तक लगातार किए गए हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है। इजराइली रक्षा बल ईरान में सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले कर रही है। IDF ने आगे कहा, ईरान और उसके प्रतिनिधि 7 अक्टूबर से सात मोर्चों पर इजराइल पर हमला कर रहे हैं, जिसमें ईरान की धरती से सीधे हमले भी शामिल हैं। दुनिया के हर संप्रभु देश की तरह, इजराइल के पास भी प्रतिक्रिया देने का अधिकार है। इजराइल और उसके लोगों की रक्षा के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह किया जाएगा।

इजराइल ने साझा की तस्वीर

इजराइली सेना IDF की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक तस्वीर भी साझा की गई है। इसमें इजराइली सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ एलटीजी हर्ज़ी हलेवी, वर्तमान में इजरायली वायु सेना के कमांडिंग ऑफिसर मेजर जनरल तोमर बार के साथ कैंप राबिन (द किर्या) में इजरायली वायु सेना के भूमिगत कमांड सेंटर से ईरान पर हमले की कमान संभाल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, ईरान के खिलाफ हमलों में सौ से अधिक इज़रायली सैन्य विमान शामिल हैं। हमले के बाद ईरान और इराक ने सभी हवाई क्षेत्र बंद कर दिए है।

ईरान ने किया था इजराइल पर हमला

बता दें, बीते दिनों लेबनान में हिजबुल्ला चीफ हसन नसरल्ला की मौत के बाद ईरान ने इजराइल पर हमला बोला था। ईरान की तरफ से 100 से ज्यादा मिसाइलें इजराइल पर दागी गई थीं। हालांकि, इजराइल ने कहा था कि उसने ज्यादातर मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया था। इस हमले के बाद इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि ईरान को इस हमले की कीमत चुकानी होगी। तब से आशंका जताई जा रही थी कि इजराइल कभी भी ईरान पर हमला बोल सकता है।

हिजबुल्ला ने भी इजराइल पर बोला हमला

उधर, हिजबुल्ला ने कहा है कि उसने लेबनान से इजराइल पर हमला बोला है। हिजबुल्लाह ने कहा है कि उसने आत्मघाती ड्रोन और मिसाइलों के स्क्वाड्रनों का उपयोग करके उत्तरी इजरायली शहर के कई ठिकानों को निशाना बनाया है। लेबनान के सशस्त्र समूह के अनुसार, लक्ष्यों में रमत डेविड एयरबेस, फिलोन एयर फ़ोर्स बेस, इजरायली शहर कर्मिल, अल-मनारा और कफ़र गिलादी, इजरायल के दो किबुत्ज़िम और शोमेरा, एक मोशाव शामिल हैं। इसके अलावा शुक्रवार को पांच इजरायली मर्कवा टैंकों के नष्ट होने की भी सूचना दी गई है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article