दुनिया

'ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे', ट्रंप से बातचीत के बाद गरजे नेतन्याहू, अब क्या करेगा तेहरान?

Iran US Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी शांति के लिए अंतिम समझौता तैयार हो चुका है और तेहरान को अमेरिका के जवाब का इंतजार है। इस बीच, बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप से बातचीत की।

Image

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (फाइल फोटो)

Iran US Conflict: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान को लेकर विस्तृत बातचीत की। उन्होंने बताया कि ट्रंप से होर्मुज को फिर से खोलने और तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर संभावित अंतिम समझौते को लेकर विस्तृत बातचीत हुई।

नेतन्याहू ने क्या कुछ कहा?

नेतन्याहू ने ट्रंप का आभार जताते हुए कहा कि अमेरिका ने हमेशा इजरायल की सुरक्षा के प्रति अटूट समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन रोरिंग लायन' और 'एपिक फ्यूरी' जैसे ऑपरेशन के दौरान अमेरिकी और इजरायली सेनाओं ने ईरानी खतरे के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ी।

नेतन्याहू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रपति ट्रंप और मैं इस बात पर सहमत हुए कि ईरान के साथ किसी भी अंतिम समझौते से परमाणु खतरे को खत्म किया जाना चाहिए। इसका मतलब है ईरान के परमाणु संवर्धन स्थलों को नष्ट करना और उसके संवर्धित परमाणु सामग्री को उसके क्षेत्र से हटाना।''

ईरान पर बरसे नेतन्याहू

नेतन्याहू ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने लेबनान सहित हर मोर्चे पर खतरों के खिलाफ आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन दोहराया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल की साझेदारी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है। उन्होंने दोहराया कि उनकी और ट्रंप की नीति स्पष्ट है- ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।

पश्चिम एशिया को लेकर रूबियो ने दिया बड़ा बयान

वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रविवार को कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के लिए ईरान के साथ वार्ता में अमेरिका ने महत्वपूर्ण प्रगति की है, जिसमें वाणिज्यिक जहाजों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से खोलना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ घंटों में 'अच्छी खबर' आने की संभावना है। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कोई घोषणा की जा सकती है। रूबियो ने एक सवाल के जवाब में कहा, "ईरान की स्थिति के बारे में, मेरा मानना है कि इस विषय पर आज थोड़ी देर बाद और खबरें आ सकती हैं, और इस संबंध में घोषणाएं राष्ट्रपति ही करेंगे।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article