LIVE

Iran, US War News Live Updates: रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने नेतन्याहू को मारने की दी धमकी तो अमेरिकी ऊर्जा मंत्री ने बता दी युद्ध खत्म होने की डेडलाइन

Iran, US Israel War News Live Updates in Hindi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के खर्ग द्वीप पर उनकी सेना ने भीषण बमबारी की है। हमलों में द्वीप पर स्थित ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले नहीं हुए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल टैंकरों एवं जहाजों के आवागमन में ईरान यदि कोई अवरोध उत्पन्न करता है तो अगला निशाना उसके ऊर्जा संयंत्रों को बनाया जाएगा। खर्ग द्वीप ईरान के लिए काफी रणनीतिक महत्व रखता है। इसे ईरान का दिल भी कहा जाता है। यह द्वीप ईरान से करीब 25-30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां ईरान अपने तेल को प्रोसेस और उसका भंडारण और तेल की बड़ी मात्रा का यहीं से निर्यात करता है।

आलोक कुमार रावUpdated Mar 15, 2026, 23:59 IST
Iran, US War News Live Updates

Iran, US War News Live Updates: रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने नेतन्याहू को मारने की दी धमकी तो अमेरिकी ऊर्जा मंत्री ने बता दी युद्ध खत्म होने की डेडलाइन

Iran, US Israel War News, Mojtaba khamenei, Middle East conflict Live Updates in Hindi: ईरान की आय का यह द्वीप एक बड़ा स्रोत है। ईरान पर अमेरिका और इजरायल दोनों ने अपने हमले तेज कर दिए हैं। रिपोर्टों में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि अमेरिका नौसेना के करीब 2500 मरीन मध्य पूर्व के लिए रवाना हो गए हैं। इसके अलावा एक एम्फीबियस बोट भी भेजी जा रही है। यानी अमेरिका अब ईरान के खिलाफ ग्राउंड ऑपरेशन कर सकता है। इस बीच, ईरान और हिज्बुल्ला ने संयुक्त रूप से इजरायल पर हमले किए हैं जबकि इजरायल ने ईरान के ठिकानों एवं लेबनान में हवाई हमले किए। इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास परिसर के भीतर एक हेलीपैड पर मिसाइल से हमला हुआ। एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के पास मौजूद फुटेज में शनिवार सुबह दूतावास परिसर के ऊपर धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है।

-रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को मारने की दी धमकी
-संयुक्त अरब अमीरात में ईरान के नए मिसाइल हमले
-मध्य पूर्व में तनाव के बीच रियाद में अमेरिकी दूतावास ने दी जानकारी
-ईरान के खिलाफ आईआरजीसी और हिज्बुल्लाह का बड़ा सैन्य अभियान
-खर्ग द्वीप के तेल ढांचे को कोई नुकसान नहीं-ईरानी मीडिया
-लेबनान में इजरायली हमले में कम से कम 12 चिकित्साकर्मियों की मौत
-उत्तर कोरिया के शासक किम जॉन्ग उन ने दिखाए तेवर, बैलिस्टिक मिसाइल दागी
-बगदाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल से हमला होने की खबर है
-ईरान युद्ध कितने दिन चलेगा, इस पर डोनाल्ड ट्रंप ने जवाब दिया है
-रणनीतिक रूप से अहम ईरान के खर्ग द्वीप पर यूएस ने की भीषण बमबारी
-ईरान ने कहा है कि रूसी तेल पर दुनिया से भीग मांग रहा US
-स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से एलपीजी से लदा टैंकर भारत पहुंचेगा

MAR 15, 2026 23:59 IST

कुवैत स्थित अली अल सलेम एयरबेस पर ड्रोन हमला

जनरल लुसियानो पोर्टोलानो ने बताया कि अली अल सलेम बेस पर हमला रविवार सुबह हुआ और इस हमले में बेस पर बने एक शेल्टर के अंदर मौजूद एक इतालवी ड्रोन नष्ट हो गया। उन्होंने X पर पोस्ट की गई अपनी टिप्पणियों में कहा कि इस हमले में कोई भी इतालवी सैनिक घायल नहीं हुआ।
MAR 15, 2026 23:15 IST

युद्ध का विस्तार करने की ईरान की धमकी के बीच खाड़ी देशों में मिसाइल एवं ड्रोन हमले

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के दौरान ईरान द्वारा अपने हमलों का दायरा और व्यापक करने की धमकी दिए जाने के बीच अरब खाड़ी देशों ने रविवार को उन पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की सूचना दी।
इजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को यह कहते हुए ईरान पर हमला किया था कि वे ईरान के परमाणु व सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं और ईरान के लोगों से भी अपने नेताओं के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया था। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और फारस की खाड़ी के आसपास के पड़ोसी देशों पर हमले किए। इस संघर्ष के कारण वैश्विक विमानन सेवाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं, तेल निर्यात बाधित हुआ है और दुनियाभर में ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें आशा है कि तेल व गैस के निर्यात पर निर्भर देश हॉर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए अपने युद्धपोत भेजेंगे। हालांकि रविवार तक किसी भी देश ने इसके लिए प्रतिबद्धता नहीं जताई, लेकिन कुछ देशों ने कहा कि वे इस पर विचार कर रहे हैं।
MAR 15, 2026 23:15 IST

भारत से 45,000 टन डीजल इंपोर्ट करेगा बांग्लादेश

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच बांग्लादेश ने भारत से अतिरिक्त 45,000 टन डीजल आयात करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि बांग्लादेश अप्रैल तक भारत से अतिरिक्त डीजल आयात करेगा। बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPC) के जनरल मैनेजर (कमर्शियल और ऑपरेशंस) मो. मुर्शीद हुसैन आज़ाद ने समाचार एजेंसी एएनआई को फोन पर बताया कि हाल ही में भारत से बांग्लादेश में 5,000 टन डीजल पहुंचा है और हमें 18 या 19 मार्च के आस-पास भारत से बांग्लादेश में 5,000 टन और डीजल मिलेगा।
MAR 15, 2026 20:26 IST

DGCA ने एयर इंडिया को उड़ान ड्यूटी से जुड़े नियमों के लिए दी अस्थायी छूट

MAR 15, 2026 21:32 IST

अमेरिका-ईरान के बीच कब खत्म होगा युद्ध, अमेरिकी ऊर्जा मंत्री ने बता दी डेडलाइन

अमेरिका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि ईरान के साथ जारी युद्ध अगले कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है। एबीसी न्यूज के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि यह संघर्ष निश्चित रूप से अगले कुछ हफ्तों में खत्म हो जाएगा, और संभव है कि इससे पहले ही समाप्त हो जाए।'' उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद ऊर्जा आपूर्ति में फिर से बढ़ोतरी होगी और इसके कारण ऊर्जा की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है।
MAR 15, 2026 18:13 IST

ईरान ने इजरायल पर दागी मिसाइलें, दो घायल

इजरायल ने रविवार को दावा किया कि ईरानी मिसाइल हमले में दो लोग घायल हो गए और एक अपार्टमेंट बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है। यह हमला कई मिसाइल हमलों की श्रृंखला का हिस्सा था, जिसमें मध्य इजरायल के अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स शहर बनेई बराक में एक अपार्टमेंट इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।
MAR 15, 2026 18:11 IST

ईरान ने UAE पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलें और 6 ड्रोन दागे

यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) ने रविवार को दावा किया कि ईरान ने उस पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलों और 6 ड्रोन से हमला किया। हालांकि, इस हमले से किसी बड़े नुकसान या हताहतों की तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
MAR 15, 2026 15:54 IST

ईरान में 223 महिलाओं और 202 बच्चों की मौत

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ईरान में हवाई हमलों के कारण अब तक बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों की मौत हो चुकी है। मंत्रालय ने बताया कि 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद से 223 महिलाओं और 202 बच्चों की मौत हुई है।
MAR 15, 2026 14:28 IST

रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को मारने की दी धमकी

अमेरिका और इजरायल मिलकर लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं। वहीं, ईरान भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इसी बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) को मारने की धमकी दी है। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा कि अगर अपराधी जियोनिस्ट प्रधानमंत्री अब भी जिंदा हैं, तो उन्हें खोजकर मारने की कार्रवाई जारी रहेगी।
MAR 15, 2026 14:12 IST

पश्चिम एशिया संकट के बीच निर्यात खेप के लिए अग्रिम योजना बना रहे हैं निर्यातकप

पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण निर्यात पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए निर्यातक और लॉजिस्टिक्स कंपनियां पोत परिवहन कंपनियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं, अपनी खेप की पहले से योजना बना रही हैं और वैकल्पिक मार्गों की तलाश कर रही हैं। निर्यातकों का कहना है कि कारोबारी हालात को देखते हुए कंपनियां अपने भंडार, अनुबंध और खेप की समय-सारिणी में भी लचीलापन ला रही हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर जल्दी बदलाव किया जा सके। उद्योग से जुड़े लोगों के अनुसार, नियमित सलाह जारी करना, अतिरिक्त शुल्क को लेकर शिपिंग या माल ढुलाई वाले जहाज का परिचालन करने वाली कंपनियों से बातचीत करना, कंटेनर की उपलब्धता सुनिश्चित करना और अनुपालन की समय-सीमा में लचीलापन देना जैसे कदम इस संकट से निपटने में उद्योग के लिए मददगार हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उद्योग संगठनों और सरकार के बीच लगातार संवाद बनाए रखना भी जरूरी है। भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फियो) के अध्यक्ष एस सी रल्हन ने कहा, हालात में फिलहाल सुधार नहीं दिख रहा है, लेकिन हम अपने निर्यात को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। पोत परिवहन कंपनियों को इस स्थिति का अनुचित फायदा नहीं उठाना चाहिए।
MAR 15, 2026 12:33 IST

संयुक्त अरब अमीरात में नए मिसाइल हमले

संयुक्त अरब अमीरात ने रविवार सुबह एक नए मिसाइल हमले की सूचना दी, ईरान द्वारा संयुक्त अरब अमीरात के तीन प्रमुख बंदरगाहों को खाली करने के आह्वान के एक दिन बाद, पहली बार किसी पड़ोसी देश की गैर-अमेरिकी संपत्तियों को धमकी दी गई। तेहरान ने बिना कोई सबूत दिए संयुक्त अरब अमीरात पर ईरान के तेल निर्यात को संभालने वाले मुख्य टर्मिनल वाले खर्ग द्वीप पर हमले करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाहों, गोदियों और गुप्त ठिकानो" का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सहयोगी देश महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के लिए युद्धपोत भेजेंगे। इस बीच, इजरायली हमलों ने लेबनान के मानवीय संकट को और गहरा कर दिया है, जिसमें लगभग 800 लोग मारे गए हैं और 850,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।
MAR 15, 2026 11:43 IST

कांग्रेस ने चाबहार बंदरगाह को लेकर सरकार की आलोचना की

कांग्रेस ने रविवार को कहा कि चाबहार बंदरगाह अब भारत की प्राथमिकताओं में दिखाई नहीं दे रहा और यह ताजिकिस्तान के आयनी में वायुसेना अड्डा बंद होने के बाद देश की कूटनीति को लगा दूसरा रणनीतिक झटका है। कांग्रेस के महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शासन में निरंतरता एक ऐसी जरूरी हकीकत है, जिसे आत्ममुग्ध प्रधानमंत्री कभी स्वीकार नहीं करते। रमेश ने एक्स पर कहा कि 1990 के दशक के आखिर में भारत ने भारत-अफगानिस्तान-ईरान सहयोग रणनीति के तहत ईरान के चाबहार बंदरगाह में निवेश की संभावनाएं तलाशना शुरू किया था। उन्होंने कहा, आखिरकार, तेहरान में 16वें गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद डॉ. मनमोहन सिंह ने इन योजनाओं को नया प्रोत्साहन दिया था और मई 2013 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुरुआत में चाबहार में 11 करोड़ 50 लाख अमेरिकी डॉलर के निवेश को मंजूरी दी। यह याद रखना चाहिए कि यह फैसला उस समय लिया गया था, जब भारत अक्टूबर 2008 में हस्ताक्षरित भारत-अमेरिका परमाणु समझौते को लागू करने के लिए बड़े कदम उठा रहा था।
MAR 15, 2026 11:41 IST

सुरक्षा परिषद की व्यवस्था में समस्या स्वीकार किये जाने की जरूरत: गुतारेस

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने कहा है कि यह स्वीकार करना आवश्यक है कि सुरक्षा परिषद की व्यवस्था में समस्या है और यह वर्तमान दुनिया का प्रतिनिधित्व नहीं करती तथा स्थायी सदस्यों द्वारा वीटो का इस्तेमाल किए जाने के कारण संघर्षों को रोकने में असमर्थ है। गुतारेस ने शनिवार को बेरूत में संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, मुझे लगता है कि हमें यह स्वीकार करना होगा कि सुरक्षा परिषद के साथ एक समस्या है। आज सुरक्षा परिषद मौजूदा विश्व का प्रतिनिधित्व नहीं करती। यह दरअसल 1945 के बाद के विश्व का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा कि 15 देशों की परिषद में तीन स्थायी सदस्य यूरोप से, एक एशिया से और एक अमेरिका से हैं, जबकि अफ्रीका या लैटिन अमेरिका से कोई स्थायी सदस्य नहीं है। उन्होंने कहा, इसलिए, वीटो के कारण परिषद को वैधता और दक्षता दोनों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हमने बार-बार देखा है कि जब भी संघर्ष की स्थिति उत्पन्न होती है और उसे रोकना आवश्यक होता है, तो कोई देश वीटो का इस्तेमाल कर लेता है और सुरक्षा परिषद कार्रवाई नहीं कर पाती।
MAR 15, 2026 10:53 IST

ईरान के ड्रोन हमले अमेरिका पर भारी दिखे

ईरान के ड्रोन हमले अमेरिका पर भारी पड़ते दिख रहे हैं। अमेरिकी डिफेंस सिस्टम को नाकाम कर ये छोटे-छोटे ड्रोन सटीकता से हमले को अंजाम दे रहे हैं। सैटेलाइट इमेज और वीडियो से यह खुलासा हुआ है। एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया विश्लेषण के अनुसार ईरान के ड्रोन हमलों ने कई देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती पैदा कर दी है। एनबीसी न्यूज़ की एक रिपोर्ट के अनुसार दर्ज 26 मामलों में से 21 में ईरानी ड्रोन अपने तय लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहे। इन हमलों का निशाना परिवहन केंद्र, कूटनीतिक ठिकाने, ऊर्जा ढांचा और सैन्य अड्डे जैसे कई रणनीतिक स्थान रहे हैं। वीडियो प्रमाणों और रिपोर्टों के आधार पर किए गए अध्ययन में बताया गया है कि ईरान के ड्रोन हमलों का प्रभाव कम से कम सात देशों में देखा गया है।
MAR 15, 2026 09:39 IST

कच्चे तेल और ईंधन पर किसी भी हालात से निपटने में भारत सक्षम

पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण समुद्री मार्ग बाधित होने के बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि कच्चे तेल और ईंधन से संबंधित किसी भी हालात से निपटने के लिए भारत अच्छी स्थिति में है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम आदमी के लिए वैकल्पिक विकल्प प्रदान करने हेतु केरोसिन उत्पादन में वृद्धि की है। गोयल ने सीएनबीसी-टीवी18 इंडिया बिजनेस लीडर्स अवार्ड्स 2026 समारोह में कहा कि सरकार निर्यातकों को समर्थन देने के लिए अगले सप्ताह कुछ ठोस एजेंडा लेकर आने की योजना बना रही है।
MAR 15, 2026 08:43 IST

मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध के बीच एयर इंडिया ने कई उड़ानें रद्द कीं

मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध के बीच एयर इंडिया ने अपडेट जारी किया है। इसने कहा है कि यूएई एयरपोर्ट अथॉरिटीज के निर्देशों के बाद, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को 15 मार्च 2026 के लिए अपनी अस्थायी उड़ानों में कटौती करनी पड़ रही है। बता दें कि पिछले करीब दो हफ्ते से ईरान और अमेरिका युद्ध छिड़ा हुआ है और इसकी चपेट में पूरा मध्य पूर्व आ गया है। ईरान की ओर से इन देशों पर लगातार हमला हो रहा है और एयरपोर्ट से लेकर तेल संयंत्र और रिहायशी इलाके भी इसकी चपेट में आ गए हैं।
एयर इंडिया: दिल्ली-दुबई की एक वापसी उड़ान संचालित करेगी; दुबई के लिए निर्धारित पांच उड़ानों में से चार रद्द कर दी गई हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस: ​​दिल्ली-दुबई की एक वापसी उड़ान संचालित करेगी; दुबई के लिए निर्धारित छह उड़ानों में से पांच रद्द कर दी गई हैं।
अबू धाबी: एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
शारजाह: एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है।
रस अल खैमाह: एयर इंडिया एक्सप्रेस रस अल खैमाह-कोझिकोड और रस अल खैमाह-कोच्चि के लिए उड़ानें संचालित करेगी।
MAR 15, 2026 08:01 IST

जंग के बीच LPG लेकर भारत पहुंच रहे जहाज 'शिवालिक' और 'नंदा देवी'

भारतीय ध्वज वाले दो जहाज, शिवालिक और नंदा देवी, जिनमें द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) भरी हुई है, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं और कुछ ही दिनों में गुजरात तट पर पहुंचने की उम्मीद है। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित रणनीतिक संकरे समुद्री मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करते हुए इन जहाजों ने यात्रा की। फारस की खाड़ी के पास भारतीय नौसेना के कई युद्धपोत तैनात किए गए हैं। एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भारतीय नौसेना के युद्धपोत खाड़ी क्षेत्र में तैनात हैं और व्यापारिक जहाजों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं।
MAR 15, 2026 07:47 IST

कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले

ईरान की ओर से अमेरिका के सहयोगी देशों पर हमले का सिलसिला लगातार जारी है। ईरान ने अब कुवैत को निशाना बनाया है। कुवैत के विमानन प्राधिकरण ने बताया है कि शनिवार शाम को ड्रोन के एक झुंड ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि हमले के दौरान हवाई अड्डे के रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया था। अधिकारियों ने कहा कि इसके जवाब में आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए हैं। किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद हवाई यातायात बाधित हो गया है।
MAR 15, 2026 07:25 IST

खर्ग द्वीप पर फिर कर सकते हैं हमला, बोले ट्रंप

Donald Trump on Kharg Island: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वाशिंगटन ईरान के खर्ग द्वीप पर "मजे के लिए" एक बार फिर हमला कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों ने इस सबसे अहम तेल निर्यात केंद्र के अधिकांश हिस्से को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की प्रतिक्रिया से उन्हें हैरत हुई है। एनबीसी न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें आश्चर्य हुआ कि ईरान ने अमेरिकी-इज़राइली अभियान के जवाब में अन्य मध्य पूर्वी देशों पर हमला करने का फैसला किया। उन्होंने यह भी कहा कि शनिवार को खर्ग द्वीप पर अमेरिकी हमलों ने द्वीप के अधिकांश हिस्से को पूरी तरह से नष्ट कर दिया, लेकिन मजे के लिए हम इस पर कुछ और बार हमला कर सकते हैं।
MAR 14, 2026 23:51 IST

अमेरिका के सामने झुकेगा नहीं ईरान: ईरान के सर्वोच्च नेता के भारत प्रतिनिधि डॉ. इलाही

ईरान के सर्वोच्च नेता के भारत प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि ईरान अपने दुश्मनों के सामने नहीं झुकेगा और अगर जरूरत पड़ी तो लंबे समय तक संघर्ष जारी रख सकता है। उन्होंने ईरान-इराक युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि ईरान को लंबे युद्ध का अनुभव है, क्योंकि उसने आठ साल तक इराक के साथ युद्ध लड़ा था।