Iran Strike on US Base: ईरान ने अपने परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हमलों का बदला लेने के लिए कतर में अमेरिका के एयरबेस को निशाना बनाते हुए छह मिसाइलें दागी हैं, लेकिन बाद में जानकारी सामने आई कि ईरान ने इराक स्थित अमेरिकी एयरबेस पर भी हमला बोला है। इजरायल-ईरान संघर्ष में अमेरिका की एंट्री होने से मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया।
ईरान ने अमेरिकी एयरबेस पर दागी मिसाइलें
अल उदीद एयरबेस
कतर में अल उदीद एयरबेस है, जो मिडिल ईस्ट में अमेरिका का सबसे बड़ा एयरबेस है। यह अमेरिकी सेंट्रल कमांड के लिए मुख्यालय के तौर पर काम करता है और लगभग 10,000 सैनिकों की क्षमता है। इस बेस के जरिए अमेरिका पश्चिम में मिस्र से लेकर पूर्व में कजाकिस्तान तक नजर रखता है और अपने सैन्य अभियानों को अंजाम देता है।
अल असद एयरबेस
इराक के अल-अनबार प्रांत में अल असद एयरबेस स्थित है। यह बगदाद से लगभग 180 किमी पश्चिम में है और इसे पहले कादिसिया एयरबेस के नाम से जाना जाता था। यह इराक में दूसरा सबसे बड़ा अमेरिकी सैन्य अड्डा रहा।
एक इराकी सुरक्षा अधिकारी ने एपी को बताया कि ईरान ने पश्चिमी इराक में अल असद एयरबेस को निशाना बनाया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अल असद एयरबेस पर सैनिकों को बंकरों में शरण लेने का निर्देश दिया गया। मौजूदा स्थिति के मुताबिक, अधिकतम अमेरिकी मिलिट्री बेस अलर्ट मोड में है।
ट्रंप ने बुलाई बड़ी बैठक
रायटर की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सिजुएशन रूम में रक्षा सचिव और अन्य शीर्ष अधिकारियों संग बड़ी बैठक कर रहे हैं। इस दौरान, व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि व्हाइट हाउस और अमेरिकी रक्षा विभाग कतर में अल उदीद एयर बेस के लिए संभावित खतरों से अवगत हैं और उन पर पैनी निगाह बनाए हुए हैं।
कतर ने एयरस्पेस किया बंद
यह हमला ईरान से खतरे के मद्देनजर कतर द्वारा एहतियात के तौर पर अपने एयरस्पेस को बंद करने के तुरंत बाद हुआ। कतर ने बयान जारी कर एयरबेस पर ईरानी हमले की निंदा करते हुए कहा कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
UAE-बहरीन ने भी बंद किया एयरस्पेस
ईरान की अमेरिका पर जवाबी कार्रवाई के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र अमीरात (UAE) और बहरीन ने एडतियातन अस्थायी तौर पर अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। फ्लाइटराडार की जानकारी के मुताबिक, यूएई का एयरस्पेस वर्तमान में उड़ान मार्गों औऱ हवाई यातायात नियंत्रण ऑडियो के आधार पर बंद है।
