दुनिया

Hong Kong Fire: पांच दिन बाद भी 150 लोगों का कोई सुराग नहीं, मरने वालों की संख्या हुई 146; चौंकाने वाली बातें आईं सामने

हांगकांग के सात टावरों में लगी भयानक आग में मौत का आंकड़ा 146 पहुंच गया है, वहीं, 150 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। आग कैसे लगी इस सवाल का जवाब पांच दिन बीतने के बाद भी नहीं मिल सका है।

hong kong fire

हांगकांग में लगी भीषण आग - Credits: AP

हांगकांग के ताई पो इलाके में स्थित वांग फुट कोर्ट के सात टावरों में लगी भयानक आग को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी भी इन टावरों में रहने वाले 150 लोगों का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। वहीं, हांगकांग के इतिहास के सबसे भयावह अग्निकांड में मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 146 हो गई है। बुधवार को लगी इस आग के पांचवें दिन भी राहत और खोज अभियानों में तेजी जारी है। अधिकारियों के अनुसार मरने वालों में एक फायरफाइटर भी शामिल है।

इस बीच, मामले की जांच कर रही भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है, जो इन टावरों के नवीनीकरण परियोजना में जुड़ी थी। उन पर आरोप है कि नवीनीकरण में ज्वलनशील और निम्न-स्तरीय सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण आग और विकराल रूप से बढ़ती गई। इसके अलावा, पुलिस ने घटनास्थल पर फोम पैकेजिंह को लापरवाह तरीके से छोड़ने के शक में तीन और लोगों को भी गिरफ्तार किया है।

सुरक्षा सचिव क्रिस टैंग पिंग-कुंग ने बताया कि आग सबसे पहले निचले हिस्से में लगे हरे रंग के नेट में भड़की, जिससे फोम बोर्ड जल उठे। इसके बाद आग तेजी से अन्य इमारतों में फैल गई और तापमान बढ़ने से शीशे टूटते गए। इसके बाद बांस के मचानों से होते हुए आग सभी सात टावरों में फैल गई।

हादसे के बाद चेता प्रशासन

वहीं, इस हादसे के बाद देशभर की अन्य हाईराइज इमारतों और सार्वजनिक भवनों में अग्नि सुरक्षा की व्यापक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। स्टेट काउंसिल की वर्क सेफ्टी कमेटी ने स्थानीय सरकारों को तत्काल निरीक्षण करने और आवासीय टावरों, कार्यालयों, अस्पतालों और मॉल्स में सुरक्षा खामियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।

कई सवालों के जवाब अब भी बाकी

पांच दिन बीतने के बाद अभी भी आग कैसे लगी इस सवाल का जवाब नहीं मिल सका है। वहीं, हादसे में जीवित बचे कई लोगों ने यह भी बताया कि इमारतों में लगे फायर सेफ्टी अलार्म काम नहीं कर रहे थे, जिसके कारण लोगों को वक्त रहते आग लगने की चेतावनी ही नहीं मिल सकी और मौतों का आंकड़ा बढ़ता गया। बता दें कि इन सात टावरों में लगभग 2000 फ्लैट थे, जिनमें 4600 लोग रहते थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। दुनिया (World News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला Author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article