दुनिया

पाकिस्तान: इमरान खान के देशव्यापी प्रदर्शन की अपील से घबराई सरकार, रावलपिंडी में भारी संख्या में तैनात किए सुरक्षाकर्मी

Image

इमरान खान (फाइल फोटो)

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने भ्रष्टाचार के एक मामले में उन्हें और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 साल कैद की सजा सुनाए जाने के बाद अपने समर्थकों से देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के लिए तैयार रहने का आग्रह किया। ‘तोशाखाना 2’ भ्रष्टाचार मामले में खान और उनकी पत्नी बुशरा को शनिवार को एक अदालत ने 17-17 साल जेल की सजा सुनाई।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संभावित विरोध प्रदर्शन से शहबाज सरकार घबरा गई है। जिसके बाद, रावलपिंडी में सुरक्षा सख्त कर दी गई। 1,300 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। बता दें कि तोशाखाना मामले से जुड़े एक केस में सजा का ऐलान किए जाने के बाद इमरान खान की ओर से एक्स हैंडल के जरिए लोगों से विरोध की गुजारिश की गई थी। शनिवार को ही फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की कोर्ट ने इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17-17 साल के जेल की सजा सुनाई थी।

देशव्यापी प्रदर्शन के एलान के बाद अधिकारियों ने दो पुलिस अधीक्षक, सात उप पुलिस अधीक्षक, 29 इंस्पेक्टर और स्टेशन हाउस ऑफिसर, 92 अपर सबोर्डिनेट और 340 कांस्टेबल्स को तैनात किया है। इसके अलावा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने शहर भर में 32 पिकेट स्थापित किए हैं और एलीट फोर्स के कमांडो को भी शामिल किया गया है। स्थानीय मीडिया आउटलेट्स ने इसकी जानकारी दी है।

अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। अप्रैल 2022 में सत्ता से बाहर होने के बाद से उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं। ‘तोशाखाना 2’ मामले में दंपति पर 2021 में सऊदी सरकार से मिले राजकीय उपहारों के संबंध में धोखाधड़ी करने का आरोप है। खान के ‘एक्स’ पर आधी रात को पोस्ट किए गए एक बयान के अनुसार, 'सैन्य शैली में आए मुकदमे के फैसले’' के बाद अदियाला जेल में अपने वकीलों के साथ बातचीत में, खान ने अपने समर्थकों से फैसले के बाद विरोध प्रदर्शन करने का आग्रह किया।

सड़क पर उतरेंगे पीटीआई कार्यकर्ता

पीटीआई नेता-कार्यकर्ताओं ने पार्टी संस्थापक इमरान को पूरा समर्थन देने का संकल्प लिया है। पार्टी का तर्क है कि उनके लीडर को जानबूझकर फंसाया गया है। पीटीआई के महासचिव सलमान अकरम राजा ने बताया कि इमरान खान ने अपने समर्थकों से सड़क पर आंदोलन की तैयारी करने को कहा है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पीटीआई नेता और उनके वकील के बीच हुई बातचीत का ब्योरा एक्स पर शेयर किया गया, जिसके अनुसार, इमरान खान ने कहा कि मैंने (खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री) सोहेल अफरीदी को सड़क पर आंदोलन की तैयारी करने का संदेश भेजा है। पूरे देश को अपने अधिकारों के लिए खड़ा होना होगा।

तोशाखाना-2 भ्रष्टाचार मामला मई 2021 के दौरान आधिकारिक दौरे के दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस द्वारा दिए गए बहुमूल्य गिफ्ट से जुड़ा है। इसी मामले में इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17-17 साल की जेल की सजा सुनाई गई। इसके अलावा, दोनों पर 16.4 मिलियन रुपये का जुर्माना लगाया गया है; जुर्माना न देने पर और जेल में रहने की मियाद बढ़ जाएगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article