कहां है हाफिज साईद (PTI)
Hafiz Saeed: लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद खाली नहीं बैठा है वह दरअसल, बांग्लादेश से भारत के खिलाफ आतंकी हमलों की योजना बना रहा है। आतंकी संगठन के एक वरिष्ठ कमांडर ने एक रैली में यह दावा किया। सैफुल्ला सैफ ने 30 अक्टूबर को पाकिस्तान के खैरपुर तमेवाली में आयोजित एक रैली में यह दावा किया। कार्यक्रम के एक वीडियो में सैफ को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि सईद बांग्लादेश के नए लॉन्चपैड से भारत के खिलाफ हमलों की योजना बना रहा है। सैफ ने कहा कि हाफिज सईद खाली नहीं बैठा है; वह बांग्लादेश के माध्यम से भारत पर हमला करने की तैयारी कर रहा है।
सैफ ने आगे कहा कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी पहले से ही "पूर्वी पाकिस्तान" में सक्रिय हैं और भारत को (ऑपरेशन सिंदूर के लिए) जवाब देने के लिए तैयार हैं। खुफिया एजेंसियों का कहना है कि यह लश्कर-ए-तैयबा के परिचालन फोकस में एक खतरनाक बदलाव का संकेत हो सकता है, जिसमें बांग्लादेश इसके आतंकी नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण नोड के रूप में उभर रहा है।
वीडियो में सैफ खुले तौर पर भीड़ को, जिसमें बच्चे भी शामिल थे, भारत के खिलाफ जिहाद छेड़ने के लिए उकसाता हुआ भी दिखाई दे रहा है। उसने आगे दावा किया कि अब अमेरिका हमारे साथ है, और बांग्लादेश भी फिर से पाकिस्तान के करीब आ रहा है। उधर, देश में लश्कर-ए-तैयबा के बढ़ते नेटवर्क की खबरों के बीच भारत ने बांग्लादेश सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है।
मुंबई आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता और लश्कर-ए-तैयबा का सरगना हाफिज सईद पाकिस्तान सरकार की हिरासत में है और बताया जाता है कि आतंक के वित्तपोषण मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद 78 साल की सजा काट रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने ताजा जानकारी में इस बात की पुष्टि की गई थी। दिसंबर 2008 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की ‘अल-कायदा प्रतिबंध समिति’ ने सईद (73) को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था। प्रतिबंध समिति ने संयुक्त राष्ट्र की वेबसाइट पर कहा, आतंकवाद के वित्तपोषण से संबंधित सात मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से वह (सईद) पाकिस्तान सरकार की हिरासत में है और 12 फरवरी 2020 से 78 साल की कैद की सजा काट रहा है।