FC headquarters in Peshawar under attack: पाकिस्तान के पेशावर में सोमवार को एक अर्द्धसैनिक बल के मुख्यालय पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। समाचार पत्र ‘डॉन’ की खबर के मुताबिक ‘फ्रंटियर कांस्टेबुलरी’ (एफसी) मुख्यालय पर सुबह-सुबह हुए हमले में तीन आतंकवादी भी मारे गए।
हमलावर ने गेट पर विस्फोट करके खुद को उड़ा लिया
खबर के अनुसार एक हमलावर ने गेट पर विस्फोट करके खुद को उड़ा लिया और इसके बाद आतंकवादियों ने इमारत में घुसने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वे मारे गए। इसमें कहा गया कि सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और आतंकवादियों के सफाए के लिए अभियान जारी है। इससे पहले पेशावर कैपिटल सिटी के पुलिस अधिकारी मियां सईद अहमद ने ‘डॉन’ को बताया कि मुख्यालय पर हमला हुआ है और इलाके को घेर लिया गया है। घायलों को पेशावर के लेडी रीडिंग हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है।
‘सिविलियन पैरामिलिट्री फोर्स’ को पहले ‘फ्रंटियर कांस्टेबुलरी’ कहा जाता था। सरकार ने जुलाई में इसका नाम बदल दिया था। खबर में कहा गया है कि बल का मुख्यालय भीड़भाड़ वाले इलाके में है और सैन्य छावनी के पास है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि सोमवार को पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी शहर पेशावर में अर्धसैनिक बल के मुख्यालय पर बंदूकधारियों ने हमला किया। सूत्रों ने रॉयटर्स को बताया कि फ्रंटियर कांस्टेबुलरी अर्धसैनिक बल के मुख्यालय परिसर पर दो आत्मघाती हमलावरों ने भी हमला किया, जिसमें तीन लोग मारे गए।
पाकिस्तानी मीडिया का दावा- तीन हमलावर मारे गए
वहीं, पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया है कि एफसी मुख्यालय के गेट पर तीन आतंकवादी मारे गए। पहले एक आत्मघाती विस्फोट हुआ, दो आतंकवादियों ने एफसी मुख्यालय में घुसने की कोशिश की। एफसी सैनिकों ने दोनों आतंकवादियों को मार गिराया। तीनों आतंकवादी एफसी मुख्यालय के गेट पर मारे गए।
एआरवाई न्यूज ने सीसीपीओ पेशावर के हवाले से बताया कि सोमवार को पेशावर स्थित फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) मुख्यालय के गेट पर शक्तिशाली विस्फोट हुए। सीसीपीओ पेशावर के अनुसार, शुरुआती आकलन के आधार पर विस्फोट एक आत्मघाती हमला लगता है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने तुरंत आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी, सबूत इकट्ठा करने के लिए पुलिस टीमों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है।
