दुनिया

Dubai Fire: दुबई की एक इमारत में भयंकर आग, 16 की मौत; मरने वालों में 4 भारतीय भी शामिल

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 16, 2023, 04:55 PM IST

Dubai Fire: ​हादसे में मरने वालों में केरल के एक दंपती समेत चार भारतीय शामिल हैं। पीटीआई के अनुसार दुबई में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे में चार भारतीयों के मरने की पुष्टि की है। इस घटना में पाकिस्तानी लोगों के भी मरने की खबर है। आग शनिवार को लगी थी।

Image

दुबई की इमारत में आग लगने से 16 लोगों की मौत, मृतकों में चार भारतीय

Photo : AP

Dubai Fire: दुबई की एक इमारत में भयंकर आग लग गई। इस आग में 16 लोग जलकर मर गए, जिसमें चार भारतीय भी शामिल हैं। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार नौ लोग गंभीर रूप से झुलस भी गए हैं।

कहां लगी आग

अधिकारियों ने रविवार को कहा कि दुबई के पुराने इलाकों में से एक अल-रास में स्थित एक पुराने अपार्टमेंट में आग लग गई, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। जिस इलाके में आग लगी वहां काफी संख्या में प्रवासी रहते हैं।

भारत के चार लोगों की मौत

हादसे में मरने वालों में केरल के एक दंपती समेत चार भारतीय शामिल हैं। पीटीआई के अनुसार दुबई में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे में चार भारतीयों के मरने की पुष्टि की है। भारतीय वाणिज्य दूतावास में वरिष्ठ अधिकारी बिजेंद्र सिंह ने पीटीआई को बताया- "मृतकों में रिजेश कलंगदान (38), उनकी पत्नी जेशी कंदमंगलथ (32), गुडू सलियाकुंडु (49) और इमामकासिम अब्दुल खदेर (43) शामिल हैं।"

उन्होंने कहा कि हमें उनकी पासपोर्ट की प्रतियां एक भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता के माध्यम से प्राप्त हुई हैं। हम पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। हम उनके शवों को वापस लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।

पाकिस्तान के भी मरने वालों में शामिल

भारतीय वाणिज्य दूतावास में वरिष्ठ अधिकारी बिजेंद्र सिंह ने कहा कि अब तक, हमने इमारत में काम करने वाले तमिलनाडु के दो पुरुषों और केरल के एक दंपत्ति समेत चार भारतीयों, तीन पाकिस्तानी भाइयों और एक नाइजीरियाई महिला की पहचान की है।

कब लगी आग

अधिकारियों ने बताया कि दुबई सिविल डिफेंस ऑपरेशंस रूम को शनिवार दोपहर करीब 12 बजकर 35 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दुबई सिविल डिफेंस मुख्यालय के एक दल ने घटनास्थल पहुंचकर इमारत में रह रहे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article