दुनिया

Donald Trump: सीक्रेट डॉक्युमेंट केस में ट्रंप ने किया सरेंडर, खुद को बताया निर्दोष, 37 आरोप तय

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 14, 2023, 06:58 AM IST

Secret Documents Case : मियामी कोर्ट में ट्रंप के पेश होने पर सरकार की ओर से उन पर 37 आरोप तय किए गए। गत अगस्त में एफबीआई ने ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित आवास पर छापे मारे थे और यहां से उसे अति संवेदनशील गोपनीय दस्तावेज मिले। ये दस्तावेज अमेरिका की रक्षा तैयारियों एवं सुरक्षा से जुड़े थे।

Image

मियामी कोर्ट में सरेंडर करने के बाद रिहा हुए ट्रंप।

Photo : AP

Secret Documents Case : गोपनीय दस्तावेज मामले में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को मियामी की एक अदालत में सरेंडर किया और खुद को निर्दोष होने का दावा किया। साथ ही ट्रंप ने अपने लगे उन आरोपों से भी इंकार किया कि उन्होंने जानबूझकर संवेदनशील गोपनीय दस्तावेजों के साथ 'अगंभीर एवं गैरजिम्मेदार' रवैया दिखाया। अमेरिका के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को अदालत में सरेंडर करना पड़ा। हालांकि, सरेंडर करने के तुरंत बाद ही उनकी रिहाई हो गई।

ट्रंप पर 37 आरोप तय किए गए

मियामी कोर्ट में ट्रंप के पेश होने पर सरकार की ओर से उन पर 37 आरोप तय किए गए। गत अगस्त में एफबीआई ने ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित आवास पर छापे मारे थे और यहां से उसे अति संवेदनशील गोपनीय दस्तावेज मिले। ये दस्तावेज अमेरिका की रक्षा तैयारियों एवं सुरक्षा से जुड़े थे। इस मामले की जांच होने के बाद ट्रंप के खिलाफ केस दर्ज हुआ। हालांकि, ट्रंप का दावा है कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया और वह किसी गलत इरादे से गोपनीय दस्तावेजों को अपने साथ नहीं ले गए।

ट्रंप पर यह दूसरा आपराधिक मामला

कोर्ट में सुनवाई के दौरान ट्रंप के वकील टॉड ब्लांच ने कहा, 'निश्चित रूप से हम खुद को निर्दोष बताने वाली अर्जी दायर कर रहे हैं।' पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति पर यह दूसरा आपराधिक मामला है, जिसका वह सामना कर रहे हैं। ट्रंप अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में दावेदारी करने की योजना बना रहे हैं। ट्रंप ने न्यूयॉर्क की अदालत में 2016 के चुनाव अभियान के दौरान किये गये पैसों के भुगतान से संबंधित व्यापार रिकार्ड को गलत साबित करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने किसी भी गलत काम से इनकार किया और कहा कि उन्हें राजनीतिक विरोधियों द्वारा गलत तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।

मियामी से न्यू जर्सी पहुंचे ट्रंप

कोर्ट में पेश होने के लिए ट्रंप अपने प्राइवेट जेट से सोमवार को मियामी पहुंचे। यहां से वह न्यू जर्सी रवाना हो गए। न्यू जर्सी के बेडमिंस्टर स्थित अपने गोल्फ क्लब पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी बेगुनाही के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप राजनीति से प्रेरित हैं और राष्ट्रपति चुनाव लड़ने से रोकने के लिए उनके खिलाफ झूठे केस दर्ज किए गए हैं। जानकारों का मानना है कि अदालती मामलों की वजह से ट्रंप को चुनावी तौर पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। ट्रंप 2024 राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article