दुनिया

'वे फिर मुझे पसंद करेंगे...', भारत से समझौते की टेबल पर ट्रंप! बोले- हम करेंगे ऐसी डील, जो पहले कभी नहीं हुई

सर्जियो गोर के भारत में राजदूत के रूप में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि किसी समय अमेरिका भारत पर टैरिफ भी कम करेगा। गोर के शपथ ग्रहण के बाद ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने इस सवाल का जवाब दिया कि भारत के साथ व्यापार समझौता कितना करीब है और क्या वह नई दिल्ली पर टैरिफ कम करने पर विचार करेंगे?

trump (21)

भारत से डील को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान

Donald Trump on Deal with India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (स्थानीय समय) को भारत के साथ व्यापार समझौते के और करीब आने के संकेत दिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी समय अमेरिका भारत पर टैरिफ भी कम करेगा। ट्रंप ने यह टिप्पणी सर्जियो गोर के भारत में राजदूत के रूप में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान की।

एक ऐसा समझौता जो सभी के लिए अच्छा...

अपने भाषण में, ट्रंप ने कहा, 'हम भारत के साथ एक समझौता कर रहे हैं। पहले से बहुत अलग। अभी वे मुझे पसंद नहीं करते, लेकिन वे हमें फिर से पसंद करेंगे। हमें एक उचित सौदा मिल रहा है। वे बहुत अच्छे वार्ताकार हैं, इसलिए सर्जियो, आपको इस पर गौर करना होगा। मुझे लगता है कि हम एक ऐसे समझौते के बहुत करीब हैं जो सभी के लिए अच्छा है।'

'हां, हम टैरिफ कम करने जा रहे...'

गोर के शपथ ग्रहण के बाद ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने इस सवाल का जवाब दिया कि भारत के साथ व्यापार समझौता कितना करीब है और क्या वह नई दिल्ली पर टैरिफ कम करने पर विचार करेंगे।

इस पर, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'अभी रूसी तेल की वजह से भारत पर टैरिफ बहुत ज्यादा हैं और उन्होंने रूसी तेल का व्यापार बंद कर दिया है। इसमें काफी कमी की गई है। हां, हम टैरिफ कम करने जा रहे हैं। किसी न किसी समय, हम इन्हें कम करेंगे।'

पीयूष गोयल का बयान

इससे पहले 5 नवंबर को, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संकेत दिया था कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत 'बहुत अच्छी तरह से चल रही है', लेकिन उन्होंने कहा कि 'कई संवेदनशील और गंभीर मुद्दे' हैं और इसमें समय लगेगा।

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर अपडेट देने के लिए पूछे जाने पर, मंत्री गोयल ने ANI को बताया, 'बातचीत बहुत अच्छी तरह से चल रही है। कई संवेदनशील मुद्दे हैं, कई गंभीर मुद्दे हैं, इसलिए स्वाभाविक रूप से इसमें कुछ समय लगेगा।'

बता दें कि 23 अक्टूबर को दोनों देशों के वार्ताकारों ने एक वर्चुअल चर्चा की। मार्च से अब तक, द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए पांच दौर की बातचीत पूरी हो चुकी है।

दोनों देशों के नेताओं के निर्देशों के बाद फरवरी में औपचारिक रूप से प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते का लक्ष्य 2030 तक व्यापार की मात्रा को वर्तमान 191 अरब अमेरिकी डॉलर से दोगुना करके 500 अरब अमेरिकी डॉलर करना है।

लेटेस्ट न्यूज

 Nitin Arora
Nitin Arora Author

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदे... और देखें

End of Article