Strait of Trump: US के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को 'स्ट्रेट ऑफ ट्रंप' कहा। बाद में उन्होंने यह भी कहा कि ये बातें कहते समय उनसे कोई गलती नहीं हुई थी।
फ्लोरिडा में 'फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव प्रायोरिटी समिट' में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, 'उन्हें स्ट्रेट ऑफ ट्रंप खोलना होगा। मेरा मतलब है, होर्मुज। माफ कीजिए, मुझे बहुत अफसोस है। कितनी बड़ी गलती हो गई। फेक न्यूज वाले कहेंगे कि 'उन्होंने गलती से ऐसा कह दिया'। लेकिन अब मुझसे कोई गलती नहीं होती। ज्यादातर तो बिल्कुल नहीं।'
अपने भाषण में, ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान दबाव में है और बातचीत करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि तेहरान ने चल रही बातचीत के हिस्से के तौर पर तेल की कई खेपें भेजी हैं।
ईरान डील करने को गिड़गिड़ा रहा- ट्रंप
उन्होंने कहा, 'वे डील करने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं, और साथ ही यह भी जोड़ा कि बातचीत अभी चल रही है।
US के राष्ट्रपति ने आगे यह भी संकेत दिया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जो कि तेल के वैश्विक परिवहन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, इसको खोलना किसी भी संभावित समझौते का एक अहम हिस्सा होगा।
US के राष्ट्रपति ने कहा, 'उन्हें बहुत जोर का झटका लगा है। कोई भी इस हालत में बातचीत करने को तैयार हो जाएगा। वे बातचीत कर रहे हैं। वे डील करने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं। वे डील करने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं। आख़िरकार मैं सही साबित हुआ। वे बातचीत कर रहे थे, जिसे उन्होंने दो दिन बाद मान भी लिया। और अपनी गलतबयानी की भरपाई करने के लिए उन्होंने कहा, 'हम आपको तेल के आठ जहाज भेजेंगे।' और अगले ही दिन, मैंने एक न्यूज चैनल पर देखा कि ईरान से तेल के आठ जहाज निकल रहे थे। और फिर उन्होंने सचमुच कहा, 'हम दो और जहाज भेजेंगे।' और उन्होंने दो और जहाज भेज दिए। हमारे पास कुल 10 जहाज हो गए। और तब लोगों को एहसास हुआ कि हम सचमुच बातचीत कर रहे थे। हम अभी भी बातचीत कर रहे हैं। और अगर हम कुछ कर पाए तो यह बहुत अच्छी बात होगी, लेकिन उन्हें यह रास्ता खोलना ही होगा।'
ट्रंप ने मांग की है कि ईरान कुछ ही दिनों के भीतर इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को पूरी तरह से खोल दे। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो US उसके पावर प्लांट को पूरी तरह से तबाह कर देगा। हालांकि, गुरुवार को उन्होंने तेहरान के साथ चल रही बातचीत का हवाला देते हुए इस समय सीमा को 10 दिनों के लिए बढ़ा दिया। अब नई समय सीमा 6 अप्रैल तय की गई है।
