दुनिया

अल्पसंख्यकों के मसले पर ओबामा को राजनाथ ने दिखाया आईनाः बोले- यह भी सोचें कि आपने कितने मुस्लिम देशों पर हमला कराया

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jun 27, 2023, 01:08 AM IST

Rajnath Singh on Barack Obama: दरअसल, ओबामा ने गुरुवार (22 जून, 2023) को ‘सीएनएन’ के साथ एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर भारत ‘‘जातीय अल्पसंख्यकों’’ के अधिकारों की रक्षा नहीं करता है, तो इस बात की प्रबल संभावना है कि एक समय आएगा जब देश बिखरने लगेगा।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)

Rajnath Singh on Barack Obama: हिंदुस्तान में अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लेकर टिप्पणी करने को लेकर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को घेरा है। उन्होंने इस मसले पर न सिर्फ ओबामा की टिप्पणी की कड़ी आलोचना बल्कि उन्हें अपने अंदाज में आईना भी दिखा दिया।

सोमवार (27 जून, 2023) को जम्मू में एक कार्यक्रम के दौरान सवाल किए जाने पर उन्होंने दो टूक कहा कि उन्हें (ओबामा को) यह नहीं भूलना चाहिए कि भारत दुनिया के लोगों एक परिवार का सदस्य मानता है। लोगों को समझना चाहिए कि भारत का चरित्र धर्मनिरपेक्ष है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति को यह जरूर सोचना चाहिए कि उनके कार्यकाल के दौरान कितने मुस्लिम-बहुल देशों पर हमले हुए थे।

राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन में पत्रकारों को सिंह ने बताया कि ओबामा को पता होना चाहिए कि भारत के लोग ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की अवधारणा में विश्वास करते हैं। वे सभी लोगों को एक वैश्विक परिवार के सदस्यों के रूप में मानते हैं। भारत का स्वरूप धर्मनिरपेक्ष है क्योंकि हिंदू, मुस्लिम और ईसाई समेत विभिन्न धर्मों के लोग एक साथ सौहार्दपूर्वक रहते हैं।

बकौल रक्षा मंत्री, ‘‘मैं आपको विश्वास के साथ बताना चाहता हूं कि मुस्लिम देशों में भी समुदाय के सभी 72 संप्रदाय नहीं होंगे। केवल भारत में ही आपको ये सभी मिलेंगे। दुनिया भर में कुछ ताकतें भारत के बारे में नकारात्मक धारणा बनाने के लिए जिम्मेदार हैं। लेकिन लोगों को इस बात की जांच करनी चाहिए कि भारत ने कितने मुस्लिम देशों पर हमला किया है?’’

सिंह ने इसके अलावा सम्मेलन में कहा कि भारत ने आतंकवाद के मुद्दे पर अमेरिका समेत पूरी दुनिया की सोच बदल दी है। वैसे, एक रोज पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ओबामा के बयान की निंदा की थी और कहा था कि यह बयान आश्चर्यजनक है क्योंकि जब वह शासन में थे तब छह मुस्लिम बहुल देशों को अमेरिकी ‘बमबारी’ का सामना करना पड़ा था।

क्या कहा था बराक ओबामा ने?

दरअसल, ओबामा ने गुरुवार (22 जून, 2023) को ‘सीएनएन’ के साथ एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर भारत ‘‘जातीय अल्पसंख्यकों’’ के अधिकारों की रक्षा नहीं करता है, तो इस बात की प्रबल संभावना है कि एक समय आएगा जब देश बिखरने लगेगा। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ता author

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" ... और देखें

End of Article