दुनिया

'वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई घातक साबित होगी'; ब्राजीली राष्ट्रपति लूला ने ट्रंप को खुले शब्दों में दी चेतावनी

लूला दा सिल्वा ने साफ शब्दों में कहा कि दक्षिण अमेरिका के लिए शांति और समृद्धि ही एकमात्र सही रास्ता है। अंतरराष्ट्रीय कानून की सीमाओं की परीक्षा ली जा रही है। वेनेजुएला में सशस्त्र हस्तक्षेप पूरे महाद्वीप के लिए मानवीय आपदा होगा और दुनिया के लिए एक खतरनाक उदाहरण बनेगा

Image

ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा (फोटो साभार: AP)

Photo : AP

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने वेनेजुएला में किसी भी तरह की सशस्त्र सैन्य दखलअंदाजी को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। राष्ट्रपति ने आगाह किया कि अगर वेनेजुएला के खिलाफ किसी भी तरह का सशस्त्र बल प्रयोग इस पूरे क्षेत्र में घातक साबित होगा। उनकी यह चेतावनी तब आई है जब ट्रंप ड्रग्स की तस्करी के आरोप लगाकर लगातार वेनेजुएला के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने वेनेजुएला आने-जाने वाले तेल टैंकरों को पूरी तरह रोक दिया है।

ब्राजीली राष्ट्रपति बीते दिन मर्कोसुर और सहयोगी देशों के 67वें शिखर सम्मेलन में बोलते रहे थे। इस दौरान राष्ट्रपति लूला ने अमेरिका की ओर से वेनेजुएला पर बनाए जा रहे सैन्य दबाव पर बात की। उन्होंने कहा कि अमेरिका की धमकियां, नौसैनिक नाकेबंदी और कैरिबियाई देश वेनेजुएला पर सैन्य मौजूदगी बेहद चिंताजनक है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, लूला ने इसे बाहरी क्षेत्रीय शक्ति की सैन्य दखल बताया, जिससे पूरा लैटिन अमेरिका हैरान और परेशान है।

शांति और समृद्धि ही एकमात्र सही रास्ता

लूला दा सिल्वा ने साफ शब्दों में कहा कि दक्षिण अमेरिका के लिए शांति और समृद्धि ही एकमात्र सही रास्ता है। अंतरराष्ट्रीय कानून की सीमाओं की परीक्षा ली जा रही है। वेनेजुएला में सशस्त्र हस्तक्षेप पूरे महाद्वीप के लिए मानवीय आपदा होगा और दुनिया के लिए एक खतरनाक उदाहरण बनेगा।

लूला ने ट्रंप से फोन पर की थी बातचीत

ब्राजील के राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि हाल ही में उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान लूला ने ट्रंप से कहा कि सैन्य टकराव के बजाय बातचीत और समझौते का रास्ता ज्यादा प्रभावशाली और कम नुकसानदेह होता है।

गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला आने-जाने वाले तेल टैंकरों को पूरी तरह रोक दिया है। इसके अलावा, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार को अमेरिका ने विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बाद में एक इंटरव्यू में यह भी कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका अतिरिक्त तेल टैंकरों को जब्त करना जारी रखेगा।

इन अमेरिकी कदमों का कई लैटिन अमेरिकी देशों और क्षेत्रीय संगठनों ने विरोध किया है। उन्होंने संवाद की अपील करते हुए संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे में हस्तक्षेप कर शांति का रास्ता निकालने की मांग की है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article