Brazil To Confer Its Highest Honour On PM Modi: ब्राजील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस' प्रदान करेगा। 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस' ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस का सर्वोच्च ग्रेड है, जो विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को प्रदान किया जाने वाला ब्राजील का सम्मान है। यह उन लोगों के प्रति आभार और मान्यता का प्रतीक है, जिन्होंने ब्राजील राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण सेवा प्रदान की है। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की वरिष्ठ सलाहकार कंचन गुप्ता ने एक्स पर इस संबंध में पोस्ट करके यह जानकारी दी है।
पांच देशों के विदेश दौरे पर पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त पांच देशों के विदेश दौरे पर हैं। वह इस यात्रा के चौथे पड़ाव में ब्राजील के शहर रियो डी जेनेरिया पहुंचे, जहां उन्होंने 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शिरकत की। पीएम मोदी को ब्राजील में का सर्वोच्च सम्मान मिलेगा। ब्राजील प्रधानमंत्री मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस' से सम्मानित करेगा।
इससे पहले त्रिनिदाद और टोबैगो ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया। पीएम मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो के ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित होने वाले पहले विदेशी नेता बन गए। घाना में उन्हें ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ सम्मान से सम्मानित किया गया था।
वहीं, अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में भी प्रधानमंत्री मोदी को एक विशेष सम्मान से नवाजा गया था। उन्हें शहर की 'की टू द सिटी' भेंट की गई, जो भारत और अर्जेंटीना के बीच गहरी दोस्ती और विश्वास का प्रतीक है।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण और वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा पर पूरी दुनिया को एक खास संदेश दिया था। उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में पर्यावरण और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे अहम विषयों को प्राथमिकता देने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पृथ्वी और मनुष्य का स्वास्थ्य एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। साझा चुनौतियों का हल सिर्फ साझे प्रयासों से ही संभव है। इस दौरान पीएम मोदी ने कोविड महामारी का उदाहरण दिया।
पीएम मोदी ने कहा, ब्रिक्स में पर्यावरण पर चर्चा प्रासंगिक और समयानुकूल है। भारत के लिए क्लाइमेट चेंज और पर्यावरण सुरक्षा हमेशा से प्राथमिकता का विषय रहे हैं। क्लाइमेट चेंज सिर्फ ऊर्जा का विषय नहीं है। ये जीवन और प्रकृति के बीच संतुलन का विषय है। उन्होंने कहा, जहां कुछ लोग इसे आंकड़ों में मापते हैं, भारत इसे संस्कारों में जीता है। भारतीय सभ्यता और संस्कृति में पृथ्वी को मां का दर्जा दिया गया है। इसीलिए जब पृथ्वी मां पुकारती है तो हम चुप नहीं रहते। हम अपनी सोच, अपने व्यवहार और अपनी जीवनशैली में बदलाव करते हैं।
कुल 28 देशों से मिला सम्मान
ब्राजील को मिलाकर अब तक पीएम मोदी को कुल 28 देशों ने सम्मानित किया है। हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी को दो अन्य देशों घाना और साइप्रस ने इसी तरह के सर्वोच्च सम्मान प्रदान किए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना के दौरे पर 3 जून 2025 को इस देश के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया। पीएम मोदी को घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया। इसके लिए पीएम मोदी ने घाना के राष्ट्रपति, घाना सरकार और वहां के लोगों का आभार जताया।साइप्रस ने दिया सर्वोच्च सम्मान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 16 जून, 2025 को साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III से सम्मानित किया गया था। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री को यह पुरस्कार प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा कि साइप्रस के 'ग्रांड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III' सम्मान प्राप्त करके मैं बहुत प्रसन्न हूं। मैं इसे हमारे देशों के बीच मैत्री को समर्पित करता हूं।
