दुनिया

विद्रोही नेता की मौत पर बांग्लादेश में बवाल, अखबारों के दफ्तर फूंक रही भीड़, प्रथोम ओलो के बाद डेली स्टार में भी लगाई आग

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के खिलाफ आंदोलन के नेता शरीफ उस्मान हादी का सिंगापुर में निधन हो गया। उनके निधन की खबर के बाद ढाका में प्रदर्शनकारियों ने हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिया और कई सरकारी व मीडिया कार्यालयों को निशाना बनाया, जिसमें प्रथोम ओलो और डेली स्टार अखबार के दफ्तर शामिल हैं। हादी जुलाई 2024 के विद्रोह में सक्रिय भूमिका निभाने और भारत विरोधी रुख के लिए जाने जाते थे।

Bangladesh Protests Erupt After Opposition Leader Sharif Osman Hadi Death (Photo: ANI)

शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शन (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Osman Hadi Death: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के खिलाफ चले आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले और भारत विरोधी बयानों के लिए चर्चा में रहे शरीफ उस्मान हादी का गुरुवार को सिंगापुर में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही बांग्लादेश की राजधानी ढाका में देर रात हालात तनावपूर्ण हो गए और कई जगह विरोध प्रदर्शन उग्र हो उठे।

प्रदर्शनकारियों ने देश के प्रमुख बांग्ला अखबार प्रथोम ओलो और अंग्रेजी दैनिक डेली स्टार के कार्यालयों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की और आगजनी की। वहीं, राजशाही में अवामी लीग के एक कार्यालय को भी आग के हवाले कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, सिंगापुर में हादी की मौत की सूचना फैलते ही हजारों लोग शाहबाग चौराहे पर जमा हो गए। इसके बाद नाराज भीड़ ने सड़क जाम कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

25 पत्रकार बचाए गए

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने तख्तियां हाथों में लेकर प्रशासन पर शरीफ उस्मान हादी की सुरक्षा में चूक का आरोप लगाया। कुछ ही समय में माहौल बिगड़ गया और प्रदर्शन उग्र रूप ले लिया। गुस्साई भीड़ ने करवान बाजार स्थित प्रथोम ओलो के कार्यालय पर धावा बोल दिया। वहां कई मंजिलों में जमकर तोड़फोड़ की गई, फर्नीचर और जरूरी कागजात बाहर निकालकर आग के हवाले कर दिए गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस दौरान 25 पत्रकारों को बचाया गया।

डेली स्टार के दफ्तर को भी निशाना बनाया

इसके बाद उपद्रवियों ने डेली स्टार के दफ्तर को भी निशाना बनाया, जहां तोड़फोड़ के बाद आगजनी की गई। हालात यहीं नहीं थमे और देर रात प्रदर्शनकारी चटगांव में भारतीय उच्चायोग के कार्यालय के बाहर इकट्ठा हो गए। वहां उन्होंने पत्थरबाजी की और भारत तथा अवामी लीग के खिलाफ नारे लगाए। भीड़ में “भारतीय आक्रमण मुर्दाबाद” और “अवामी लीग के लोगों को पकड़ो और मारो” जैसे भड़काऊ नारे सुनाई दिए।

सिंगापुर में इलाज के दौरान मौत

जानकारी के मुताबिक, 12 दिसंबर को ढाका के बिजॉयनगर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान अज्ञात हमलावरों ने शरीफ उस्मान हादी को सिर में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका पहले ढाका में इलाज कराया गया। हालत में सुधार न होने पर 15 दिसंबर को उन्हें एयर एम्बुलेंस के जरिए सिंगापुर भेजा गया। सिंगापुर जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादी के निधन की पुष्टि बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के साथ-साथ सिंगापुर के संबंधित अधिकारियों ने भी की है।

मोहम्मद यूनुस का संदेश

हादी के निधन के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने देशवासियों के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने लोगों से संयम बरतने और किसी भी तरह से कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की। यूनुस ने इंकलाब मंच के प्रवक्ता हादी को जुलाई आंदोलन का साहसी सिपाही और शहीद बताते हुए कहा कि वे दमनकारी और फासीवादी आतंकवादी शक्तियों के खिलाफ डटकर खड़े थे। उन्होंने यह भी कहा, “जो ताकतें हादी की आवाज को दबाना और क्रांतिकारियों में भय फैलाना चाहती थीं, उन्हें एक बार फिर पराजित किया जाएगा।”

शुक्रवार को राष्ट्रीय शोक की घोषणा

मोहम्मद यूनुस ने शुक्रवार को राष्ट्रीय शोक की घोषणा करते हुए मस्जिदों में विशेष दुआओं का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हादी की हत्या में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा। इसके साथ ही यूनुस ने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार हादी की पत्नी और उनके इकलौते बच्चे की पूरी जिम्मेदारी उठाएगी। गौरतलब है कि जुलाई 2024 में हुए विद्रोह के दौरान अहम भूमिका निभाने के बाद शरीफ उस्मान हादी सुर्खियों में आए थे, उसी आंदोलन के बाद शेख हसीना सरकार सत्ता से बाहर हुई थी। हादी अवामी लीग पर संवैधानिक रोक लगाने की मांग को लेकर चल रहे अभियान का नेतृत्व कर रहे थे और उन्हें भारत समर्थक राजनीति का मुखर विरोधी माना जाता था। इसी के साथ मोहम्मद यूनुस ने शुक्रवार दोपहर को एक हाई लेवल मिटिंग भी बुलाई है।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article