बांग्लादेश चुनाव में BNP की बंपर जीत, PM बन सकते हैं तारिक रहमान, जमात की भारी हार
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Feb 13, 2026, 01:18 PM IST
जमात ए इस्लामी चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी बार्टी बनकर उभरी है। वह 60 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, जनमत संग्रह के नतीजों को चुनाव आयोग ने अभी तक घोषणा नहीं की है। अब तक के चुनाव नतीजों को देखने से यह स्पष्ट हो गया है कि बांग्लादेश के लोग एक स्थायी और मुख्य धारा की पार्टी को सत्ता में देखना चाहते हैं।
बांग्लादेश चुनाव रिजल्ट 2026।
Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश चुनाव के नतीजे आने लगे हैं। इस चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी बड़ी जीत दर्ज कर रही है। चुनाव नतीजे की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है बांग्लादेश टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक 300 सीटों वाली संसद में बीएनपी 200 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। जाहिर है कि इस जीत की यदि आधिकारिक घोषणा होती है तो तारिक दो तिहाई बहुमत के साथ बांग्लादेश में सरकार बनाएंगे। इतनी बड़ी जीत होने पर बीएनपी को छोटी पार्टियों के समर्थन की जरूरत नहीं होगी। वहीं, जमात ए इस्लामी चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी बार्टी बनकर उभरी है। वह 60 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, जनमत संग्रह के नतीजों को चुनाव आयोग ने अभी तक घोषणा नहीं की है। अब तक के चुनाव नतीजों को देखने से यह स्पष्ट हो गया है कि बांग्लादेश के लोग एक स्थायी और मुख्य धारा की पार्टी को सत्ता में देखना चाहते हैं। बता दें कि अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री शेख हसीना का तख्तापलट होने के बाद बांग्लादेश में पहली बार आम चुनाव हुए हैं।
बांग्लादेश चुनाव नतीजों से जुड़े प्रमुख घटनाक्रम इस प्रकार हैं-
-PM मोदी ने तारिक रहमान को जीत पर दी बधाई,
-पीएम मोदी ने कहा कि ये जीत आप पर जनता के विश्वास को दिखाती है
-इस बंपर जीत के बाद तारिक का पीएम बनना तय माना जा रहा है
-रिपोर्टों के मुताबिक 14 फरवरी को पीएम पद की शपथ ले सकते हैं तारिक
-बांग्लादेश में हुए चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है
-ठाकुरगांव-1 (सदर) क्षेत्र से बीएनपी के के सेक्रेटरी फखरुल इस्लाम आलमगीर जीते
-ढाका-11 निर्वाचन क्षेत्र नेशनल सिटीजन पार्टी के संयोजक नाहिद जीते
-ढाका-13 निर्वाचन क्षेत्र से बीएनपी समर्थित उम्मीदवार बॉबी हज्जाज ने जीत दर्ज की है
बांग्लादेश के नए पीएम बन सकते हैं तारिक
तारिक रहमान पिछले 17 सालों से देश से बाहर निर्वासित जिंदगी जी रहे थे और अब वो प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। उन्होंने देश में कानून का राज बहाल करने और गारमेंट्स सेक्टर में नई जान फूंकने पर फोकस करते हुए एक "नया रास्ता" अपनाने का वादा किया है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी ने जीत हासिल करने के लिए पूरी जान झोंक दी थी, लेकिन जैसा की नवभारत टाइम्स की आकलन रिपोर्ट में भी पता चला था, जमात सरकार बनाने की स्थिति में नहीं आने वाली थी।
84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह
संवैधानिक सुधारों पर जनमत संग्रह के साथ मतदान शाम 4.30 बजे समाप्त हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, अपराह्न दो बजे तक 48 प्रतिशत मतदान हुआ। गैर आधिकारिक परिणामों में, चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि बीएनपी अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान ने ढाका-17 और बोगरा-6 निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की। जमात-ए-इस्लामी के अध्यक्ष शफीकुर रहमान राजधानी की एक सीट से मुकाबले में सबसे आगे हैं, जबकि जमात महासचिव मिया गोलम पोरवार दक्षिण-पश्चिमी खुलना निर्वाचन क्षेत्र में अपने बीएनपी प्रतिद्वंद्वी अली असगर लॉबी से चुनाव हार गए हैं। बांग्लादेश में जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ 13वां आम चुनाव कराया गया। सुधार पैकेज को ’जुलाई राष्ट्रीय घोषणापत्र’ के नाम से भी जाना जाता है।
मो. यूनुस ने लोगों को धन्यवाद दिया
मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद, मुख्य सलाहकार यूनुस ने आम चुनाव और जनमत संग्रह में भागीदारी के लिए लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, 'मैं राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद भी लोकतांत्रिक गरिमा, सहिष्णुता और आपसी सम्मान बनाए रखने का आह्वान करता हूं। मतभेद रहेंगे, लेकिन राष्ट्रीय हित में हमें एकजुट रहना चाहिए।’उन्होंने कहा, 'हम एक जवाबदेह, समावेशी और न्याय-आधारित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में सामूहिक रूप से आगे बढ़ेंगे। आइए लोकतंत्र को मजबूत करने की इस यात्रा में मिलकर काम करें।’ यूनुस ने चुनाव और जनमत संग्रह को 'नया बांग्लादेश’ बनाने का एक ऐतिहासिक अवसर बताया।
बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे
मतदान के दौरान हिंसा रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों के लगभग 9,00,000 कर्मियों को तैनात किया गया। प्रशासन ने राजधानी के प्रमुख इलाकों में बख्तरबंद वाहन (एपीसी) और त्वरित कार्यबल (आरएटी) तैनात किए। पहली बार, चुनाव सुरक्षा के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। देश भर में 299 निर्वाचन क्षेत्रों में 42,779 मतदान केंद्रों पर लगभग 12.7 करोड़ मतदाता अपने मत डालने के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 50 लाख पहली बार के मतदाता हैं। कुल 50 राजनीतिक दलों के कुल 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार हैं।
