दुनिया

बांग्लादेश ने की चीनी J-10CE लड़ाकू विमान सौदे की पुष्टि: $2.3 अरब में खरीदेगा 20 फाइटर जेट

बांग्लादेश ने पहली बार आधिकारिक रूप से चीन के 4.5-जनरेशन J-10CE लड़ाकू विमान खरीदने की लंबे समय से चर्चा में चल रही डील की पुष्टि कर दी है।

Image

चीनी लड़ाकू विमान (फोटो- Chinese Air Force)

बांग्लादेश ने पहली बार आधिकारिक रूप से चीन के 4.5-जनरेशन J-10CE मल्टीरोल लड़ाकू विमानों को खरीदने के बहुचर्चित सौदे की पुष्टि कर दी है। बांग्लादेशी प्रधानमंत्री के सूचना और प्रसारण सलाहकार जाहेद उर रहमान ने पुष्टि की कि इस ड्राफ्ट प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए वित्त मंत्रालय और सशस्त्र बल प्रभाग (AFD) को भेज दिया गया है। यह जानकारी बांग्लादेश के प्रेस सूचना विभाग (PID) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से सार्वजनिक की गई।

$2.3 अरब का रक्षा सौदा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश वायुसेना के पुराने बेड़े को आधुनिक बनाने के लिए ढाका 20 J-10CE विमानों की खरीद पर लगभग 2.3 अरब डॉलर खर्च करने जा रहा है।बेस प्राइस $6.27 करोड़ है, लेकिन प्रशिक्षण, लॉजिस्टिक्स, मेंटेनेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को जोड़कर यह कीमत प्रति विमान लगभग $11.5 करोड़ बैठती है। इस ड्राफ्ट प्रस्ताव में J-10CE के अलावा चीनी अटैक हेलीकॉप्टर, VIP ट्रांसपोर्ट हेलीकॉप्टर और यूएवी (UAV/ड्रोन) सिस्टम की खरीद भी शामिल है। यदि मौजूदा वित्त वर्ष (जुलाई से जून) में आवश्यक बजट स्वीकृत होता है, तो यह खरीद तुरंत पूरी की जाएगी, अन्यथा इसे अगले बजट चक्र में स्थानांतरित किया जाएगा।

पश्चिमी फाइटर्स की तुलना में किफायती

जाहेद उर रहमान ने कहा कि वास्तविक युद्ध स्थितियों में इस विमान के प्रदर्शन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राफेल या यूरोफाइटर टाइफून जैसे यूरोपीय विमानों की तुलना में चीनी J-10CE की कीमत काफी कम है, जबकि क्षमता के मामले में यह बराबरी का मुकाबला करता है।

चीनी सैन्य विश्लेषक फू छियानशाओ के अनुसार: J-10CE में बड़े एपर्चर वाला AESA रडार लगा है, जो लंबी दूरी तक कई लक्ष्यों को एक साथ ट्रैक और एंगेज कर सकता है। इस पर रडार-अब्जॉर्बिंग मैटेरियल (RAM) की कोटिंग की गई है, जिससे यह सेमी-स्टील्थ फाइटर की श्रेणी में आता है।

अमेरिकी F-16 और फ्रांसीसी राफेल जैसे मीडियम-वेट विमानों की श्रेणी में यह सबसे किफायती और आधुनिक विकल्प है।

चीन पर बढ़ती निर्भरता

पाकिस्तान के बाद बांग्लादेश चीन से J-10CE फाइटर जेट खरीदने वाला दुनिया का दूसरा देश बन जाएगा। बांग्लादेश की सेना पहले से ही चीन निर्मित F-7MG लड़ाकू विमानों, K-8 ट्रेनर एयरक्राफ्ट, टैंकों, युद्धपोतों और मिसाइल प्रणालियों का इस्तेमाल कर रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article