Myanmar Violence: म्यांमार की सेना ने लोकतंत्र समर्थक प्रतिरोध समूह के नियंत्रण वाले एक गांव को निशाना बनाकर एयर स्ट्राइक की। इस हमले में कम से कम 27 नागरिकों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। विपक्षी समूह ने शनिवार को यह दावा किया।
म्यांमार हवाई हमला
कहां हुई एयर स्ट्राइक?
म्यांमार सेना ने शुक्रवार की दोपहर लगभग 3 बजे सिंगू टाउनशिप के लेट पैन हला गांव पर हवाई हमला किया। मांडले पीपुल्स डिफेंस फोर्स के प्रवक्ता ने बताया कि यह गांव म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से लगभग 65 किमी की दूरी पर स्थित है। हालांकि, सेना ने इस हवाई हमले को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।
म्यांमा में एक फरवरी, 2021 को सेना ने आंग सान सू ची की चुनी हुई सरकार को हटा दिया था, जिसके बाद देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। सेना ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को बलपूर्वक दबाया और इसके बाद कई लोगों ने हथियार उठा लिए। अब देश के बड़े हिस्से में संघर्ष हो रहा है।
शनिवार को अपने टेलीग्राम सोशल मीडिया चैनल पर जारी समूह के बयान में कहा गया कि लेट पैन हला गांव में भीड़भाड़ वाले बाजार की दुकानों को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में मारे गए 27 लोगों में छह बच्चे भी शामिल हैं।
