सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिन्हें देखकर कभी हंसी आती है तो कभी दिल दहल जाता है। इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक सब्जीवाला जल्दबाजी में ट्रेन के अंदर सब्जी का क्रेट चढ़ाने की कोशिश करता है। लेकिन इस दौरान कुछ ऐसा होता है कि उसकी जान पर बन आती है। वीडियो का आखिरी हिस्सा देखकर लोग हैरान हैं और राहत की सांस ले रहे हैं कि शख्स बाल-बाल बच गया।
चलती ट्रेन के नीचे गिरा सब्जीवाला (X/@hari_har_om)
ट्रेन में सब्जी चढ़ाने की कर रहा था कोशिश
सोशल मीडिया पर यह वीडियो @hari_har_om नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म दिखाई देता है, जहां एक नीले रंग की पैसेंजर ट्रेन खड़ी है। प्लेटफॉर्म पर सब्जियों से भरे क्रेट, केले और दूसरे सामान रखे हुए हैं। कुछ लोग ट्रेन के दरवाजे के पास भी खड़े नजर आते हैं। इसी बीच एक व्यक्ति सब्जी का क्रेट उठाकर जल्दी-जल्दी ट्रेन के अंदर चढ़ाने लगता है। वह किसी तरह सामान ट्रेन में पहुंचाने की कोशिश कर रहा होता है लेकिन तभी ट्रेन धीरे-धीरे चलने लगती है। इसके बाद जो होता है, उसे देखकर किसी की भी सांसें अटक सकती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
सब्जी तो ट्रेन में गई, लेकिन खुद मुसीबत में फंसा शख्स
वीडियो के कैप्शन में भी इसी घटना के बारे में बताया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि सब्जी तो ट्रेन में चली गई, लेकिन सामान चढ़ाने वाला व्यक्ति खुद मुसीबत में पड़ गया। ट्रेन आगे बढ़ती दिखाई देती है और कैमरा उसके पिछले हिस्से की तरफ जाता है। इस दौरान ट्रैक के पास कुछ लोग नजर आते हैं और माहौल अचानक चिल्लम चिल्ली वाला हो जाता है। वीडियो (Video) में दिख रहा है कि व्यक्ति ट्रेन के नीचे ट्रैक पर गिर पड़ा लेकिन गनीमत रही कि वह दोनों पटरियों के बीच में चला गया था। जिससे उसकी जान बाल-बाल बची। वीडियो के अंत में ट्रेन आगे निकलती दिख रही है और आसपास मौजूद लोग उसकी तरफ आकर उससे उसका हाल-चाल लेते नजर आ रहे हैं।
वीडियो देखकर लोग बोले- भगवान ने बचा लिया
इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया (Social Media) यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि शख्स की जान बच गई, यह सबसे बड़ी बात है। कमेंट्स में “हे भगवान, बाल-बाल बच गया” और “God saved him” जैसी प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
