Mumbai luxury society: आजकल बड़े शहरों में ऊंची इमारतों वाली सोसायटियां आम बात हैं। बिल्डर नई सोसायटी बनाते समय शानदार डिजाइन, आधुनिक सुविधाएं और आरामदायक जीवन का वादा करते हैं, लेकिन जब लोग वहां रहने लगते हैं, तब असली खर्च सामने आता है। हर महीने मेंटेनेंस देना पड़ता है, जिसमें सफाई, सिक्योरिटी, लिफ्ट, पानी, टैक्स और कई दूसरी सुविधाएं शामिल होती हैं। हाउसिंग.कॉम के मुताबिक भारत में आमतौर पर सोसायटी का मेंटेनेंस 2 रुपये से लेकर 25 रुपये प्रति वर्ग फुट तक होता है। यानी जितना बड़ा फ्लैट, उतना ज्यादा खर्च।
जॉली मेकर सोसायटी: यहां रहना मतलब हर साल लाखों की इनकम (फोटो: Instagram/vishal.bhargava.710)
लेकिन मुंबई की एक खास सोसायटी ऐसी भी है, जहां रहने वाले लोग मेंटेनेंस नहीं देते, बल्कि हर साल लाखों रुपये कमाते हैं। यह सोसायटी मुंबई के कफ परेड इलाके में स्थित जॉली मेकर अपार्टमेंट (mumbai jolly maker society) 1 है। इसे 1970 के दशक में जॉली ग्रुप ने बनाया था। रियल एस्टेट ब्लॉगर विशाल भार्गव के अनुसार, यहां रहने वाले हर फ्लैट मालिक को सालाना करीब 2.5 लाख रुपये तक का फायदा मिलता है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इस सोसायटी में दो 25 मंजिला टावर हैं, जिनमें करीब 180 फ्लैट और 10 बंगले हैं।
1,285 से लेकर 2,590 वर्ग फुट तक के फ्लैट
यह मुंबई की सबसे अमीर सोसायटियों में से एक मानी जाती है। इसके पास करीब 25 से 30 करोड़ रुपये का रिजर्व और सिंकिंग फंड है। यहां रहने वाले लोगों के फ्लैट 1,285 से लेकर 2,590 वर्ग फुट तक के हैं और कई फ्लैट समुद्र के सामने हैं। सबसे खास बात यह है कि यहां के निवासी लगभग कोई मेंटेनेंस नहीं देते। वे सिर्फ 1 पैसा प्रति वर्ग फुट के हिसाब से मामूली रकम देते हैं, जबकि आसपास की सोसायटियों में लोग 3 से 8 रुपये प्रति वर्ग फुट तक देते हैं। अब सवाल है कि ऐसा कैसे संभव है? दरअसल जब यह प्रोजेक्ट बना था, तब यहां फ्लैट खरीदने वालों को नरीमन पॉइंट में एक कमर्शियल प्रॉपर्टी का हिस्सा भी दिया गया था।
हर महीने आता है करीब 50 लाख रुपये का किराया
आज उस इमारत से हर महीने करीब 50 लाख रुपये का किराया आता है। उसी किराए से जॉली मेकर 1 का पूरा खर्च चलता है और निवासियों को फायदा भी दिया जाता है। पहले यह फायदा 100 रुपये प्रति वर्ग फुट सालाना था। बाद में यह बढ़कर 300 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गया। यानी अगर किसी का फ्लैट 2,500 वर्ग फुट का है तो उसे साल में करीब 7.5 लाख रुपये तक मिल सकते हैं। यह सोसायटी सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि एक तरह से निवेश भी बन गई है। यहां के फ्लैट बहुत महंगे हैं और आज भी इनकी कीमत प्रति वर्ग फुट 75 हजार रुपये से ज्यादा बताई जाती है।
