Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक नाबालिग हिंदू लड़की की शादी दूसरे धर्म के युवक से कराए जाने का मामला सामने आया। हिंदू संगठनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के अनुसार लड़की नाबालिग है। पुलिस ने दूल्हे और उसकी मां को विवाह मंडप से गिरफ्तार कर लिया। वहीं लड़की और उसकी मां ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रलोभन और दबाव डालकर शादी कराई जा रही थी।
सांकेतिक फोटो (istock)
9वीं की छात्रा है दुल्हन
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘थाना सदर क्षेत्र के चिनौर स्थित एक बारातघर में रविवार रात विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा था, तभी हिंदू संगठनों के लोग वहां पहुंचे और हंगामा करने लगे।’’ उन्होंने बताया कि सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में यह पाया कि दुल्हन नाबालिग थी तथा कक्षा नौ की छात्रा थी, जबकि लड़का 21 वर्ष का था और दूसरे धर्म से था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने सेहरा पहने दूल्हे से पूछताछ की तो उसने अपना नाम साहिब बताया और कहा कि वह जिस लड़की से शादी कर रहा है, वह हिंदू है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी युवक की मां को भी थाने ले आई और मामले में प्राथमिकी दर्ज की।
लड़की और परिवार पर शादी का डाला गया दबाव
द्विवेदी ने उपनिरीक्षक सूरज सिंह द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी का हवाला से बताया कि नाबालिग लड़की और उसकी मां ने कहा कि उन्हें प्रलोभन दिया गया और साहिब से शादी का दबाव डाला गया। उन्होंने बताया कि लड़की की शादी साहिब की मां की मदद से कराई जा रही थी। पुलिस ने आरोपी साहिब, उसकी मां गुड़िया उर्फ नगरीस, कासिम तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 (मर्जी के विरुद्ध विवाह), 3(5) (समूह द्वारा अपराध) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रविवार रात साहिब और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को जेल भेज दिया गया।
(इनपुट - भाषा)
