यूटिलिटी

बिजली बिल का असली 'विलेन' कौन? घर के ये 5 उपकरण चुपके से खाली कर रहे हैं आपकी जेब

How to reduce electricity bill at home: हम में से अधिकतर लोग महीने के आखिर में बिजली का भारी-भरकम बिल देखकर हैरान रह जाते हैं। अक्सर हमें लगता है कि सिर्फ लाइट और पंखे चलाने से बिल आता है, लेकिन असल में हम सब के घर में कुछ ऐसे 'साइलेंट किलर' उपकरण मौजूद होते हैं, जो जेब पर भारी पड़ते हैं। इन उपकरणों की सही पहचान और उनके स्मार्ट इस्तेमाल से बिजली का बिल आधा किया जा सकता है।

Image

बिजली का बिल कैसे होगा कम (Photo: AI Generated)

How to reduce electricity bill at home: आज के समय में लगभग हर घर में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इस्तेमाल होते हैं। ये हमारी जिंदगी को आसान तो बनाते हैं, लेकिन साथ ही बिजली बिल भी बढ़ा देते हैं। अक्सर लोग सोचते हैं कि ज्यादा बल्ब या पंखे चलने से बिल बढ़ता है, जबकि असल में कुछ बड़े उपकरण ज्यादा बिजली की खपत करते हैं। इस आर्टिकल में घर के उन उपकरणों की ही जानकारी दे रहे हैं, जो सबसे ज्यादा बिजली खर्च करते हैं-

एयर कंडीशनर (AC)

गर्मियां शुरू होने के साथ हर घर में एसी का इस्तेमाल भी शुरू होने जा रहा है। लेकिन क्या आप जानते हैं AC घर का सबसे ज्यादा बिजली खर्च करने वाला उपकरण माना जाता है। 1.5 टन का AC औसतन 1500 से 2000 वॉट तक बिजली ले सकता है। अगर इसे रोज 6–8 घंटे चलाया जाए, तो महीने के बिल पर बड़ा असर पड़ता है। तापमान 24–26 डिग्री पर सेट करने से खपत कम की जा सकती है।

वॉटर हीटर

एसी की तरह ही वॉटर हीटर भी सबसे अधिक बिजली खर्च करता है। खासकर

सर्दियों में गीजर का उपयोग बढ़ जाता है। एक सामान्य गीजर 2000–3000 वॉट तक बिजली ले सकता है। लंबे समय तक ऑन रखने से यूनिट तेजी से बढ़ती हैं। जरूरत पड़ने पर ही इसे चालू करना बेहतर है।

रेफ्रिजरेटर (फ्रिज)

हर घर में फ्रिज एक ऐसा उपकरण है, जो हर मौसम में इस्तेमाल किया जाता है। फ्रिज 24 घंटे चालू रहता है, इसलिए इसकी ऊर्जा खपत लगातार होती रहती है। हालांकि यह AC जितनी बिजली नहीं लेता, लेकिन पूरे महीने में इसकी खपत महत्वपूर्ण हो जाती है। 5-स्टार रेटिंग वाला फ्रिज कम बिजली खर्च करता है।

वॉशिंग मशीन

वॉशिंग मशीन कम समय के लिए चलती है, लेकिन हाई वॉटेज मोटर और हीटिंग सिस्टम के कारण बिजली की अच्छी-खासी खपत करती है। रोजाना उपयोग करने से बिल बढ़ सकता है। इसलिए बिजली का बिल कम करने के लिए इसका इस्तेमाल हफ्ते में 2-3 दिन से ज्यादा नहीं करना चाहिए।

माइक्रोवेव और इंडक्शन कुकटॉप

ये उपकरण कम समय के लिए चलते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को जानकारी होगी कि ये उपकरण 1000–2000 वॉट तक बिजली ले सकते हैं। इनका बार-बार इस्तेमाल करने से कुल खपत बढ़ जाती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article