घर बनवाते समय लोग ईंट, सरिया और डिजाइन पर तो खूब ध्यान देते हैं, लेकिन सीमेंट चुनने में अक्सर कन्फ्यूजन हो जाता है। बाजार में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले दो प्रकार के सीमेंट हैं- OPC और PPC। दोनों के अपने फायदे हैं, लेकिन सही चुनाव करना बहुत जरूरी होता है ताकि घर मजबूत और टिकाऊ बन सके। एक बात हमेशा ध्यान रखें कि जीवन में घर एक ही बार बनता है, इसलिए सही चुनें और बेस्ट चुनें।
क्या होता है OPC सीमेंट?
OPC का पूरा नाम Ordinary Portland Cement है। यह सीमेंट जल्दी मजबूत होता है और तेजी से सेट हो जाता है। इसी वजह से इसका इस्तेमाल उन कामों में ज्यादा किया जाता है जहां जल्दी निर्माण पूरा करना हो। बीम, कॉलम और छत जैसी जगहों पर OPC सीमेंट काफी उपयोगी माना जाता है। यह शुरुआती दिनों में ज्यादा ताकत देता है।
PPC सीमेंट क्या है?
PPC यानी Portland Pozzolana Cement। इसमें फ्लाई ऐश जैसी सामग्री मिलाई जाती है, जिससे यह सीमेंट धीरे-धीरे मजबूत होता है लेकिन लंबे समय तक टिकाऊ रहता है। PPC सीमेंट दीवारों, प्लास्टर और सामान्य घर निर्माण में काफी इस्तेमाल किया जाता है। यह नमी और पानी से भी बेहतर सुरक्षा देता है।
दोनों में सबसे बड़ा फर्क क्या है?
OPC सीमेंट जल्दी सूखता और जल्दी ताकत पकड़ता है, जबकि PPC सीमेंट को मजबूत होने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है। लेकिन PPC में दरार पड़ने की संभावना कम रहती है और यह लंबे समय तक बेहतर मजबूती देता है। इसके अलावा PPC सीमेंट गर्मी कम पैदा करता है, जिससे बड़े निर्माण कार्यों में यह ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।
घर के लिए कौन सा सीमेंट सही?
अगर आप सामान्य घर बनवा रहे हैं और लंबे समय तक मजबूत निर्माण चाहते हैं, तो PPC सीमेंट बेहतर विकल्प माना जाता है। वहीं अगर जल्दी काम पूरा करना है या भारी स्ट्रक्चर बनाना है, तो OPC सीमेंट उपयोगी हो सकता है। कई इंजीनियर घर निर्माण में दोनों सीमेंट का अलग-अलग जगह इस्तेमाल करने की सलाह भी देते हैं।
