आप भी भारतीय रेलवे से सफर करते होंगे। भारत में रेल यात्रा आज भी यात्रा की तमाम सुविधाओं में सबसे सस्ती है। भारत में हर रोज हजारों ट्रेन चलती हैं और करोड़ों लोग सफर करते हैं। भारतीय रेलवे से जुड़े कई शब्द ऐसे होते हैं जिनका इस्तेमाल लोग अक्सर एक ही मतलब में करते हैं। इनमें “रेलवे ट्रैक” और “रेलवे लाइन” सबसे आम शब्द हैं, हालांकि दोनों का अर्थ अलग-अलग होता है।
रेलवे ट्रैक और रेलवे लाइन में क्या है अंतर? दोनों एक नहीं हैं
क्या होता है रेलवे ट्रैक?
रेलवे ट्रैक यानी वह वास्तविक पटरी संरचना जिस पर ट्रेन चलती है। इसमें लोहे की पटरी, स्लीपर, बैलास्ट और आधार जैसी चीजें शामिल होती हैं। यह पूरी तरह एक भौतिक संरचना होती है, जिसका मुख्य काम ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित करना है।
जहां डबल या मल्टीपल ट्रैक होते हैं, वहां ट्रैक की कुल लंबाई वास्तविक रूट दूरी से अधिक हो जाती है, क्योंकि हर पटरी को अलग ट्रैक माना जाता है। उदाहरण के तौर पर दिल्ली से कानपुर के बीच बिछी वास्तविक पटरियों की संरचना रेलवे ट्रैक कहलाती है।
रेलवे लाइन का दायरा ट्रैक से बड़ा
रेलवे लाइन केवल पटरियों तक सीमित नहीं होती। इसमें पूरा रेल मार्ग शामिल होता है, जिसमें स्टेशन, सिग्नल सिस्टम, पुल, अंडरपास, ओवरपास, बिजली व्यवस्था, रेलवे यार्ड और संचार प्रणाली जैसी सुविधाएं भी आती हैं। सरल शब्दों में कहें तो रेलवे लाइन एक संपूर्ण नेटवर्क होता है, जो ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए जरूरी सभी व्यवस्थाओं को जोड़ता है। उदाहरण के तौर पर दिल्ली से कानपुर तक का पूरा रेल रूट, जिसमें सभी स्टेशन और तकनीकी ढांचा शामिल है, रेलवे लाइन कहलाता है।
रेलवे ट्रैक नवीनीकरण पर बड़ा फोकस
भारतीय रेलवे लगातार ट्रैक नवीनीकरण पर भी काम कर रहा है। आंकड़ों के अनुसार 2024-25 में लगभग 6,851 किलोमीटर ट्रैक रिन्यूअल का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 2025-26 में यह लक्ष्य 7,500 किलोमीटर से अधिक और 2026-27 में करीब 7,900 किलोमीटर तक पहुंचाने की योजना है। रेलवे का मानना है कि बेहतर ट्रैक से यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा और ट्रेनों की गति व संचालन क्षमता में भी सुधार होगा।
डिब्रूगढ़ से कन्याकुमारी तक सबसे लंबी रेलवे लाइन
भारतीय रेलवे की सबसे लंबी रेलवे लाइन डिब्रूगढ़ (असम) से कन्याकुमारी (तमिलनाडु) तक मानी जाती है। इसकी कुल लंबाई लगभग 4,233 किलोमीटर बताई गई है। यह लाइन देश के उत्तर-पूर्व से दक्षिण भारत तक कनेक्टिविटी प्रदान करती है।
भारतीय रेलवे का विशाल नेटवर्क
भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में शामिल है। देश में कुल रेलवे लाइन की लंबाई लगभग 1,31,872 किलोमीटर से अधिक बताई जाती है, जबकि ब्रॉड गेज ट्रैक की लंबाई करीब 97,668 किलोमीटर है। हर दिन 25,000 से ज्यादा ट्रेनें संचालित होती हैं और करोड़ों यात्री रेलवे सेवा का उपयोग करते हैं।
